हमीरपुर (एमबीएम न्यूज) : शहर के साथ सटी देई दा नौण पंचायत में अनोखा ही खौफ बन गया है। रात के समय में बैड मैन चौकस हो जाता है। जैसे ही कोई महिला बाहर निकली तो उस पर झपट कर तुरंत लापता हो जाता है। इन शरारतों से इस पंचायत के बाशिदें खासा तंग हो चुके हैं।
पंचायत प्रधान के पास पहुंची इस शिकायत के बाद ग्रामीणों ने मिलकर ठीकरी पहरा देने का निर्णय लिया है। रात के समय अब पंचायत के युवा जाग कर अलग अलग ग्रुपों में बंट कर पहरा देंगे।लोगों में खौफ है कि यह व्यक्ति अचानक शरारत करने उपरांत गायब कैसे हो जाता है।
पंचायत प्रधान निरंजन शर्मा ने बताया कि इस पंचायत में ऐसी घटनाएं रात को हो रही हैं कि खास कर महिलाएं घर से बाहर नहीं निकल सकती। बार-बार हो रही वारदातों में शरारत के बाद अचानक राह चल रहे व्यक्ति पर पत्थर भी मारे जा रहे हैं।
दो दिन पहले एक औरत पर अंजान व्यक्ति ने पत्थर मार दिया। महिला ने पत्थर पकड़कर आवाज लगाई कि जिस भी व्यक्ति ने यह पत्थर फैंका है उसके हाथों के प्रिंट इस पत्थर पर आ गए हैं। अब पुलिस को यह पत्थर सौंपा जाएगा। उसी रात्री उस पत्थर को लेने के लिए व्यक्ति उनके घर में घुस गया। घर में रखे पत्थर को उठाने के बाद बाहर से आवाज लगाई कि मैं पत्थर ले गया।
प्रधान की मानें तो रात के समय घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। पूरी पंचायत में अनोखी शरारत हो रही है। उन्होंने बताया कि इसमें पुलिस की मदद भी ली जाएगी। बहरहाल पहले पूरी पंचायत के युवा अलग अलग ग्रुपों में बांटे जा रहे हैं। युवा गांव में ठीकरी पहरा देंगे। बता दें कि ठीकरी पहरा बहुत पुराने समय में दिया जाता था। उस समय सुरक्षा के लिए पुलिस की भी इतनी व्यवस्था नहीं थी। कहीं पर भी घटनाएं घटे तो लोग आपस में मिलकर रात भर पहरा देते थे। इसे ठीकरी पहरा कहा जाता है।