नाहन (एमबीएम न्यूज): अपनी अस्वस्थता पर पहली बार बुधवार को अंतरराष्ट्रीय श्री रेणुका जी मेले के उदघाटन अवसर पर सीएम वीरभद्र सिंह सार्वजनिक मंच से बोले। सीएम ने कहा कि कहा जा रहा है कि वह हिमाचल के मौसम के कारण बीमार हुए हैं, लेकिन उनके बीमार होने की वजह दिल्ली का प्रदूषण है। बातों-बातों में देश में बढ़ते प्रदूषण पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने केंद्र सरकार को इस मसले पर खरी-खोटी सुनाई।
सीएम ने कहा कि देश की राजधानी को प्रदूषणमुक्त करने के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। रेणु मंच से अपने संबोधन में सीएम ने श्री रेणुका विकास बोर्ड के भवन के लिए 50 लाख रुपए की राशि देने का ऐलान किया। साथ ही कहा कि 50 लाख रुपए की राशि बोर्ड द्वारा अपने स्तर पर वहन की जाएगी। सीएम तकरीबन 15 से 20 मिनट ही मंच से बोले।
इस दौरान विपक्ष पर कोई हमला नहीं किया। केवल अपने विकास कार्यों की बात जरूर रखी। हर साल सीएम का संबोधन 9 बजे के बाद ही होता रहा है, लेकिन इस साल शायद सीएम की अस्वस्थता की वजह से इसे 7 बजे से पहले ही निपटा दिया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के लोग अपनी समृद्ध परंपराओं, रीति-रिवाजों व संस्कृति के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि मेले व त्यौहार राज्य के लोगों के जीवन का अभिन्न हिस्सा है। लिहाजा सदियों पुराने मंदिरों का संरक्षण व रखरखाव हरेक नागरिक का कत्र्तव्य है।
इस अवसर पर श्री रेणुका विकास बोर्ड के अध्यक्ष व मुख्य संसदीय सचिव विनय कुमार ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री की लंबी उम्र की कामना करते हुए कहा कि 2017 में फिर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह प्रदेश की सत्ता की कमान संभालेंगे। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने अपनी पत्नी व पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह व बेटे विक्रमादित्य सिंह के साथ प्राचीन रेणुका माता मंदिर में शीश नवाया। साथ ही मेले की प्रदर्शनियों का उदघाटन किया।