सोलन, 29 जून : शुक्रवार शाम वार्ड नंबर-13 के क्लीन में झारखंड की महिला को मौत के घाट उतारने वाले हत्यारे को पुलिस ने 5-6 घंटे के भीतर ही सलाखों के पीछे पहुंचा दिया। पुलिस ने आरोपी को मोबाइल लोकेशन के आधार पर सोलन से ही गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 27 वर्षीय जीतू निवासी झारखंड के रूप में हुई है। आरोपी की महिला के साथ पहले से ही जान पहचान थी और उसका घर पर आना-जाना रहता था। हत्या के दिन भी महिला से फोन पर बात करने के बाद ही आरोपी घर पहुंचा था। इस दौरान महिला का पति घर पर नहीं था।
ये थी हत्या की वजह
पुलिस जब मौके पर पहुंची तो पाया कि महिला का शव नग्न अवस्था में बैड पर पड़ा हुआ था। महिला का आधा शरीर रजाई से ढका हुआ था। बैड के पास खून से लथपथ चाकू पड़ा था और चारों तरफ खून फैला हुआ था। महिला के पति ने पत्नी की हत्या का शक जताया। महिला के शरीर पर एक से अधिक बार चाकू से वार करने के निशान था। जांच में सामने आया है कि महिला ने आरोपी के साथ शारीरिक संबंध बनाने से इंकार कर दिया था। आरोपी महिला से जबरन संबंध बनाने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान महिला ने जब इसका विरोध किया तो आरोपी ने महिला पर चाकू से वार कर दिया। हैरानी की बात ये है कि आरोपी ने पहले जिस चाकू से वार किया वह टूट गया था। इसके बाद आरोपी ने घर पर ही पड़े एक और चाकू से महिला पर वार किए और उसे मौत के घाट उतार दिया। आरोपी इस दौरान नशे में भी था।
हिमाचल की ताजा खबरों के लिए ज्वाइन करें हमारा WhatsApp चैनल
ऐसे गिरेबान तक पहुंची खाकी
हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। महिला के बच्चे जब स्कूल से घर पहुंचे तो वह चिल्लाने लगे। जिसके बाद पड़ोसियों को वारदात का पता चला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर महिला का शव कब्जे में लिया और महिला के पति को इसकी सूचना दी। हालांकि पुलिस भी इस बात से हैरान है कि आखिर पड़ोस के लोगों को महिला के चीखने-चिल्लाने की आवाज क्यों नहीं सुनाई दी। जबकि महिला पर एक से अधिक बार चाकू से वार किया गया है। पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया और महिला की कॉल डिटेल और CCTV फुटेज के विश्लेषण के आधार पर आरोपी की लोकेशन निकाली। पुलिस ने चंद घटों बाद ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कपड़ों पर खून के निशान भी मिले हैं।
सोलन के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया जाएगा। आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है।