नई दिल्ली/ शिमला, 05 जून : हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) की कांगड़ा संसदीय सीट पर भाजपा के प्रत्याशी डॉ. राजीव भारद्वाज ने कार्यवाहक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) से भी बड़ी जीत हासिल की है। मोदी को 54.24 प्रतिशत मत हासिल हुए, जबकि डॉ. भारद्वाज (Dr. Bhardwaj) ने कांग्रेस के दिग्गज नेता आनंद शर्मा के खिलाफ 61.03 प्रतिशत वोट हासिल किए। संभावना ये भी जताई जा रही है कि डॉ भारद्वाज की जीत का अंतर भाजपा के भीतर देश में टॉप स्थान पर भी हो सकता है।
खास बात यह भी है कि डॉ. भारद्वाज 2019 के लोकसभा चुनाव में किशन कपूर का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाए है, कपूर ने 72.02 प्रतिशत वोट हासिल किए थे। कपूर ने 4.77 लाख वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी, जो 2019 में देश में 72.2% के साथ दूसरा सबसे बड़ी मतदान प्रतिशतता थी। बावजूद इसके इस बार कपूर का टिकट काट दिया गया था।
दीगर है कि 2019 में नरेंद्र मोदी ने 63.22 % वोट हासिल किए थे। यानी, इस बार मोदी की वोट प्रतिशतता में 9 प्रतिशत की गिरावट आई है, कांग्रेस के अजय राय इस बार मोदी के खिलाफ 40.74 % वोट लेने में कामयाब हो गए।
हिमाचल में हमीरपुर सीट पर अनुराग ठाकुर को 57.97 ,शिमला में सुरेश कश्यप को 53.58, मंडी में कंगना रनौत को 52.87 प्रतिशत मत मिले। बेशक ही 2019 की तुलना में अनुराग ठाकुर की वोट प्रतिशतता में गिरावट आई हो लेकिन इससे भी बड़ी बात यह है कि वो पांचवी मर्तबा लगातार जीते है। मोदी को भी तीसरे चुनाव एंटी इंकम्बैंसी का सामना करना पड़ा है।
2024 में वाराणसी सीट पर नोटा को 0.75 प्रतिशत वोट पड़े जबकि हिमाचल की कांगड़ा सीट पर ये आंकड़ा 0.61% का रहा है। खास बात यह भी है कि राहुल गांधी ने रायबरेली सीट पर 66.17 वोट हासिल किये जबकि केरल की वायनाड सीट पर राहुल गांधी को 59. 69% मत पड़े। मोदी की तुलना में राहुल ने दोनों ही सीटों पर बेहतर प्रदर्शन किया।
@K1