ऊना, 26 मई : कांग्रेस द्वारा रविवार को ऊना जिला मुख्यालय के पुलिस लाइन ग्राउंड में न्याय संकल्प सभा का आयोजन किया गया। इस मौके पर कांग्रेस पार्टी के दिग्गज नेता राहुल गांधी मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। न्याय संकल्प सभा में शिरकत करने से पहले राहुल गांधी ऊना नगर के संस्थापक बाबा साहिब सिंह बेदी जी के किला बाबा बेदी में पहुंचे जहां उन्होंने गुरुद्वारा साहिब में माथा टेका वहीं गुरुद्वारा साहिब में राहुल गांधी को सिरोपा भी भेंट किया गया।
न्याय संकल्प सभा में पहुंचने पर राहुल गांधी का स्वागत मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सूक्खु, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अगुवाई में हजारों की संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूरे उत्साह के साथ किया। इस दौरान छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और हिमाचल कांग्रेस के प्रभारी राजीव शुक्ला भी विशेष रूप से न्याय संकल्प सभा में पहुंचे।
इस मौके पर उत्साह से लबरेज उपमुख्यमंत्री ने राहुल गांधी के समक्ष जोरदार संबोधन देते हुए कहा कि हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से पांचवीं बार चुनाव मैदान में उतरे अनुराग ठाकुर का उन्होंने परमिट कैंसिल कर दिया है और अब दिल्ली में संसद भवन का परमिट सतपाल रायजादा के नाम पर जारी किया गया है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल के लोग गांधी परिवार से प्यार करते हैं, हिमाचल प्रदेश इंदिरा गांधी की ही देन है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विधानसभा के उप चुनाव को लेकर भी बड़ा बयान दिया और कहा कि पार्टी से गद्दारी करने वाले 6 लोगों को उपचुनाव में जनता घर बिठाएगी। जबकि इसके साथ ही अब नरेंद्र मोदी की सत्ता का भी तख्तापलट होने वाला है।
राहुल गांधी की न्याय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भारतीय जनता पार्टी को महिला, युवा और कर्मचारी विरोधी बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने युवाओं को रोजगार के द्वार खोल महिलाओं को सम्मान दिया। कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम दी लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने महिलाओं के प्रति माह 1500 रुपए देने की योजना में अड़ंगा डालने का काम किया।
उन्होंने कहा कि 15 महीने पहले हिमाचल प्रदेश की जनता ने कांग्रेस के 40 विधायकों को जीताकर विधानसभा भेजा, लेकिन 6 विधायक भारतीय जनता पार्टी की राजनीतिक मंडी में बिक गए। इसके बावजूद भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश की सरकार को गिराने में असफल रही। मुख्यमंत्री ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने भगवान को भी चुनौती देते हुए इस सरकार के बचने की कोई संभावना नहीं जताई लेकिन भगवान ने इस सरकार को बचाया और अब यही सरकार अपना 5 साल का कार्यकाल पूरा करने वाली है।
इस मौके पर न्याय संकल्प सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के दिग्गज नेता राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने देश में केवल मात्र 22 लोगों को अरबपति बनाया और उनका 16 लाख करोड़ रुपए का कर्ज माफ कर दिया। लेकिन देश का गरीब भाजपा की इस सरकार में और भी गरीब होता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आगे बढ़ने का मौका केवल मात्र 22 लोगों को नहीं मिलना चाहिए किसान, गरीब और मजदूर को भी आगे बढ़ने का समान अवसर प्रदान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि मोदी ने अपने मित्रों का कर्ज माफ किया लेकिन कांग्रेस ने किसानों का कर्ज माफ किया था। राहुल गांधी ने कहा कि देश के हालात ऐसे बन चुके हैं गरीबों को काम धंधा शुरू करने के लिए कर्ज नहीं मिल रहा लेकिन अब भी बड़े-बड़े घराने आसानी से कर्ज हासिल कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था लेकिन रोजगार किसी को नहीं दिया गया। राहुल ने 30 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी के साथ साथ युवाओं के लिए नौकरी का अधिकार कानून लाएगी। राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस हर परिवार में एक महिला के बैंक अकाउंट में 8500 रुपये डालेगी, यह पैसे उनके खाते में तब तक आते रहेंगे जब तक वो गरीबी रेखा से ऊपर नहीं आ जाएं। उन्होंने कहा कि किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा और उन्हें न्यूनतम समर्थन मूल्य भी कांग्रेस ही देने वाली है।
राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र में इंडी गठबंधन की सरकार बनने पर पहले ही दिन अग्नि वीर योजना को फाड़कर कूड़ेदान में डाला जाएगा और युवाओं के भविष्य को पूरी तरह सुरक्षित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह है योजना नरेंद्र मोदी और उनके प्रधानमंत्री कार्यालय की है जबकि भारतीय सेना इस योजना को कतई पसंद नहीं करती। उन्होंने कहा कि इस योजना को लाकर नरेंद्र मोदी ने लाखों युवाओं के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है।
@k1