नाहन, 26 मई : हिमाचल प्रदेश के शिमला संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी के पक्ष में चुनावी जनसभा के दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव व दिग्गज नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का कद भी बढ़ाया।
राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने स्वयं सुखविंदर सिंह सुक्खू की मेहनत व लगन को देखा है। वो लंबे समय से पार्टी की विचारधारा को प्रचारित कर रहे हैं। राहुल गांधी ने ये भी कहा कि 40 साल की कठिन मेहनत के बाद कांग्रेस का एक आम कार्यकर्ता हिमाचल के मुख्यमंत्री के पद पर काबिज है। उन्होंने आपदा प्रबंधन में सुक्खू सरकार के प्रयासों की भी सराहना की।
हालांकि, पुख्ता तौर पर तो नहीं कहा जा सकता, लेकिन राजनीतिक विश्लेषक ये मानना हैं कि हिमाचल में मुख्यमंत्री के पद पर प्रियंका गांधी की पहली पसंद सुखविंदर सिंह सुक्खू ही थे। यहां के स्थानीय विधायक अजय सोलंकी ने भी कांग्रेस के अग्रणी छात्र संगठन एनएसयूआई में सुक्खू के नेतृत्व में ही पहली बार जिम्मेदारी को उठाया था।
हिमाचल की ताजा खबरों के लिए ज्वाइन करें हमारा WhatsApp चैनल
चंद माह पहले राज्य में मुख्यमंत्री को बदलने की चिंगारी उठी थी। इसके बाद ही 6 कांग्रेसी विधायकों का नाटकीय घटनाक्रम भी शुरू हुआ। भाजपा ने इसे ऑपरेशन लोटस (Operation Lotus) का हिस्सा भी करार दिया था। ये अलग बात है कि राजनीति की बिसात पर सुक्खू सरकार कुंदन की तरह तपकर निकले हैं। 6 कांग्रेसी विधायकों की बगावत के बावजूद भी सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार को बचाने में सफल रहे।
बहरहाल, ये अलग बात है कि 24 मई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नाहन में संबोधन के दौरान ये कहा था कि हिमाचल की सरकार चंद दिन की मेहमान है। इसके मायने क्या हैं, ये तो प्रधानमंत्री ही स्पष्ट कर सकते हैं।