नाहन, 24 मई : शहर में विजय संकल्प रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने कहा कि मेरे लिए ना तो नाहन नया है और न ही सिरमौर, लेकिन आज का माहौल नया है, यहां के अनुभव उनके लिए यादों की अमानत है।
ये बात, सच है। संबोधन के शुरुआती पलों में ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1999 में पार्टी के तेजतर्रार चार नेताओं का जिक्र किया। इसमें से पूर्व मंत्री श्यामा शर्मा व पूर्व विधायक जगत सिंह नेगी का निधन हो चुका है। पच्छाद निर्वाचन क्षेत्र से ताल्लुक रखने वाले भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय किसान मोर्चा के पूर्व कोषाध्यक्ष बलदेव भंडारी व पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष चंद्रमोहन ठाकुर बेशक ही शुक्रवार को मंच पर नहीं थे, लेकिन मोदी ने संघर्ष के दौर में साथ देने वालों का स्मरण कर ये जाहिर कर दिया कि वो कठिन दौर में साथ देने वालों को नहीं भूले हैं।
बता दे कि 1998-99 में मोदी हिमाचल भाजपा के प्रभारी भी हुआ करते थे। 1998 में पहली बार भाजपा की सरकार मोदी के वक्त में ही बनी थी। खास बात ये है कि एक विधायक की कमी को राजगढ़ से ताल्लुक रखने वाले पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष चंद्रमोहन ठाकुर ने ही दूर किया था। ठाकुर की बदौलत ही प्रो. प्रेम कुमार धूमल पहली मर्तबा सूबे के मुख्यमंत्री पद ग्रहण कर सके थे।
उधर, मोदी ने संबोधन में होटल ब्लैक मैंगो का भी जिक्र किया। मोदी ने कहा कि होटल ब्लैक मैंगों में पार्टी के अल्प संख्यक मोर्चाें की बैठक हुआ करती थी। 1999 में लोकसभा चुनाव में हिमाचल विकास कांग्रेस व भाजपा के गठबंधन प्रत्याशी कर्नल धनीराम शांडिल का प्रचार करने नाहन आए थे, इस दौरान बड़ा चौक में नुक्कड़ सभा को संबोधित किया था। इसके बाद स्व. श्यामा शर्मा ही मोदी को अल्पसंख्यक मोर्चे को संबोधन के लिए होटल ब्लैक मैंगो लेकर गई थी।
कार्यक्रम में हिस्सा लेने वालों का कहना था कि ये कार्यक्रम बेहद ही अनुशासित था। इससे मोदी काफी प्रभावित हुए थे। पूर्व मंत्री श्यामा शर्मा भी पार्टी की तेज तर्रार नेत्री रही। पालमपुर में धूमल के प्रदेश अध्यक्ष बनने में शर्मा ने बड़ी भूमिका निभाई थी। इसके बाद धूमल मुख्यमंत्री के पद पर काबिज भी हुए थे।
हिमाचल के प्रवेश द्वार कालाअंब में स्थित होटल ब्लैक मैंगो (Hotel Black Mango) का स्वरूप भी अब बदल चुका है। लिहाजा, मोदी का ये कहना कि उनके लिए नाहन नया नहीं है, लेकिन माहौल बदला हुआ है, ये सही है। बता दे कि एमबीएम न्यूज़ नेटवर्क ने हाल ही में मोदी के 1999 के नाहन प्रवास को लेकर तस्वीरों सहित समाचार प्रकाशित किये थे। रैली के दौरान भाजपा के मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग ने मोदी की 1999 की एक तस्वीर को उन्हें दिखाने का भी प्रयास किया।
हिमाचल की ताजा खबरों के लिए ज्वाइन करें हमारा WhatsApp चैनल
मोदी ने ये भी कहा कि उस जमाने में वो जनसभाएं आयोजित करने के लिए दरियों पर बैठकर योजना बनाया करते थे, आज वक्त बदला है। नाहन की जनसभा के बारे में मोदी ने ये भी कहा कि ऐसा पहले नहीं हुआ करता था। नाहन आया…पंडाल से अधिक सड़कों के किनारे लोगों ने स्वागत किया। मोदी ने ये संकेत दिए कि वो फिर यहां की यादों को संजो कर जा रहे हैं।
मोदी ने पहाड़ी बोली में किया था संबोधन शुरू किया
मोदी ने सोबी को मेरी ढाल (माथा टेकना) और राम राम कहा। उन्होंने यहां के देवी देवताओं मां बाला सुंदरी, श्री रेणुका जी, भगवान परशुराम, जमदग्नि ऋषि, महासु देवता और शिरगुल देवताओं को नमन कर सिरमौर की संस्कृति, परंपरा और रीति रिवाजों को स्पर्श करने का भी प्रयास किया। इसके साथ साथ पहाड़ी पकवान अस्कली, पटांडे, लुश्के और सिडकू का जिक्र कर स्थानीय खानपान के जायके को भी स्मरण किया। मोदी उमड़ी भीड़ को देख गदगद नजर आए बोले,इससे अधिक लोग मुझे सड़क के किनारे मिले।
.