नाहन, 24 मई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को हिमाचल में चुनाव प्रचार की कमान संभाल ली। करीब पौने 12 बजे मंच पर पहुंचे मोदी ने लगभग 33 मिनट के संबोधन में सिरमौर खासकर नाहन की पुरानी यादों का स्मरण किया, साथ ही ईडी गठबंधन पर हमला बोला।
![](http://mbmnewsnetwork.com/wp-content/uploads/2024/05/PM-MODI-1.jpg)
मोदी ने भगवान परशुराम की जन्मस्थली, ऋषि जमदग्नि की तपोस्थली, मां रेणुका, मां बालासुंदरी, शिरगुल, मां भंगायनी इत्यादि को नमन किया। साथ ही स्थानीय भाषा में सिरमौरवासियों को प्रणाम किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि मुझे हिमाचल के पहाड़ों ने मुझे सिर ऊंचा रखना सिखाया है, वहीं ठंडे बर्फीले पहाड़ों ने ठंडे दिमाग से सोचने की सीख दी है। उन्होंने कहा कि मैं मां भारती का अपमान सहन नहीं कर सकता। कांग्रेस को भारत माता की जय कहने में दिक्कत है, कांग्रेस को वंदे मातरम कहने में दिक्कत है।
प्रधानमंत्री ने विशेष तौर पर मीडिया की तरफ इशारा करते हुए कहा कि कांग्रेस में तीन बातें काॅमन हैं। ये घोर सांप्रदायिक हैं, घोर जातिवादी हैं और घेर परिवारवादी हैं। मोदी ने कहा कि पत्रकार मित्र अगर रिसर्च करेंगे तो खजाना मिलेगा।
![](http://mbmnewsnetwork.com/wp-content/uploads/2024/05/BJP-1.jpg)
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सीमांत इलाकों को अपने हाल पर छोड़ दिया है। सीमाओं पर सड़क बनाने से डरती थी, लेकिन ऐसी सोच मोदी से मेल नहीं खाती है। उन्होंने कहा कि देश की सीमाओं पर सैंकड़ों किलोमीटर सड़कें हमने बनाई है। कांगे्रस फौजियों को वन रैंक-वन पेंशन देने का मजाक उड़ाया करती थी। मोदी ने कहा कि 2013 में मुझे भाजपा ने प्रधानमंत्री का उम्मीदवार बनाया था। इसके बाद रेवाड़ी में मेरी पहली मुलाकात पूर्व सैनिकों से हुई थी। मैंने तभी वन रैंक-वन पेंशन को लागू करने का वादा किया था।
मोदी ने कहा कि एक तरफ मोदी की गारंटी है, दूसरी तरफ कांग्रेस की बर्बादी का माॅडल है। मोदी ने कहा कि हिमाचल की जनता भोली-भाली है।
हिमाचल की ताजा खबरों के लिए ज्वाइन करें हमारा WhatsApp चैनल
प्रधानमंत्री ने ईडी गठबंधन पर हमला करते हुए कहा कि प्रदेश में सत्ता पाने के लिए कांग्रेस ने कई तरह के झूठ बोले हैं। कहा कि पहली कैबिनेट की मीटिंग में ये कर देंगे, वो कर देंगे। लेकिन, यहां की कैबिनेट टूट गई थी। मोदी ने पंडाल में मौजूद लोगों से पूछा कि क्या आपको 1500 रुपए महीना मिला। उन्होंने कहा कि ये हिमाचल में ज्यादा दिन रहने वाले नहीं हैं। मोदी ने हिमाचल की सुक्खू सरकार पर हमला करते हुए कहा कि इन्होंने कहा था कि पहली कैबिनेट में एक लाख नौकरियां देंगे। कांग्रेस तालाबाज सरकार है। नौकरियां देने वाले आयोग को ही ताला लगा दिया।
![](http://mbmnewsnetwork.com/wp-content/uploads/2024/05/MODI-2-1.jpg)
मोदी ने कहा कि 30 सालों में हिमाचल से गहरा नाता रहा है। कहीं भी रहा, लेकिन हिमाचल से जुड़ा रहा। हर मौके की तलाश में रहता हूं, जब हिमाचल का कर्ज उतार सकूं। प्रधानमंत्री ने कहा कि 60 साल में गरीबों के आरक्षण के लिए कभी सोचा ही नहीं। मोदी ने कहा कि सामान्य परिवारों के गरीबों को 10 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गिरिपार के हाटी को भी आरक्षण नहीं दिया। उन्होंने कहा कि जब नेकदिली से कोई कार्य किया जाता है तो मन उल्लास से भर जाता है। उन्होंने कहा कि हाटी को एसटी का दर्जा देकर कर्ज उतारने का प्रयास किया है।
मोदी ने ईडी गठबंधन पर हमला जारी रखते हुए कहा कि ये देश को तबाह करने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये एससी व एसटी का आरक्षण खत्म कर मुसलमानों को देना चाहते हैं।
मोदी ने आप लोगों के सामने चुनाव मौका है, जब आप इन्हें बता सकते हैं कि हम देश को नहीं टूटने देंगे। मोदी ने कोलकाता के हाई कोर्ट के आदेश का जिक्र करते हुए कहा कि वहां चुनाव का लाभ लेने के लिए मुस्लिम समाज की 77 जातियों को रातोंरात आरक्षण दे दिया गया था। मोदी ने कहा कि बंगाल की मुख्यमंत्री तो अदालत के आदेश को मानने से इंकार कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राम मंदिर का भी विरोध कर रही है। वे कहते थे कि राम मंदिर नहीं बनाएंगे। हमने तारीख भी बताई, समय भी बताया।
![](http://mbmnewsnetwork.com/wp-content/uploads/2024/05/modi-1-2.jpg)
मोदी ने कहा कि कांग्रेस के एक राजदार ने खुलासा किया है कि कांग्रेस वाले राम मंदिर में भी ताला लगाने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हिमाचल के विकास के प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मोदी है तो मुमकिन है। मोदी ने भाजपा सरकार द्वारा दी गई हिमाचल की बड़ी सौगातों का भी विस्तार से जिक्र किया।
मोदी ने पंडाल में मौजूद जनसमूह से एक वादा भी लिया, इसके मुताबिक हरेक व्यक्ति घर-घर जाकर भाजपा का समर्थन मांगेगा। साथ ही जनता से कहा कि हिमाचल के घर-घर में देवी-देवताओं का वास है। वो वादा करें कि मेरी तरफ से अपने-अपने गांव के मंदिरों मं जाकर शीश नवाजेंगे। मोदी ने अंतिम वाक्य में शिमला संसदीय क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी सुरेश कश्यप के लिए वोट मांगे।
मंच पर प्रथम पंक्ति में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल, भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप, राज्य सभा सांसद सिकंदर कुमार, विधायक बलबीर वर्मा, रश्मिधर सूद व डेजी ठाकुर, विधायिका रीना कश्यप, राजीव सैजल, केएल ठाकुर, वंदना योगी व सिरमौर भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता को स्थान दिया गया था। द्वितीय व तृतीय पंक्ति में 18 भाजपा नेताओं को स्थान दिया गया।
@R1