शिमला, 13 अप्रैल : सातवें चरण के चुनाव को लेकर हिमाचल में इन दिनों प्रत्याशियों के नामांकन भरने की प्रक्रिया चल रही है। सोमवार को शिमला संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप पार्टी समर्थकों के साथ पर्चा दाखिल करने शिमला उपायुक्त कार्यालय पहुंचे।
वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार विनोद सुल्तानपुरी भी सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू, प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह समेत कई कांग्रेस नेताओं की गैरमौजूदगी में नामांकन दाखिल किया। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस की जीत का दावा कर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर तंज कसते हुए कहा कि जयराम ठाकुर सपने देख रहे हैं, लेकिन नेता प्रतिपक्ष का कोट 5 साल तक दर्जी के पास ही रहने वाला है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने चारों लोकसभा क्षेत्र में प्रत्याशियों की नाम प्रक्रिया पूरी हो गई है। बीजेपी वोट पर सरकार नहीं बन पाई, ऐसे में भाजपा ने नोट के दम पर सरकार बनाने की कोशिश की। मुख्यमंत्री ने कहा नेता प्रतिपक्ष का गणित कमजोर है। सभी 6 विधानसभा सीटों पर चुनाव जीतने के बाद भी भाजपा प्रदेश में सरकार नहीं बना सकती।
वहीं, इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी ने कहा कि अभी लड़ाई शुरू हुई है। उन्होंने कहा कि उनके पक्ष में जनता का रिस्पांस बहुत अच्छा है।
वहीं सुरेश कश्यप के जीत के दावे पर सुल्तानपुरी ने हमला करते हुए कहा कि कुछ बातें खुद कहने से अच्छा जनता से पूछ लेनी चाहिए। शिमला संसदीय क्षेत्र से मौजूदा सांसद और भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप नामांकन दाखिल करने से पहले उपायुक्त कार्यालय शिमला पहुंचे।
मीडिया से बातचीत में सुरेश कश्यप ने कहा कि वह दूसरी बार नामांकन दाखिल कर रहे हैं। निश्चित तौर पर जनता के आशीर्वाद से शिमला में दोबारा जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कहा कि जनता का मत उनके पक्ष में है। निश्चित तौर पर भाजपा इस संसदीय सीट पर चौथी बार जीत हासिल करेगी। इसके अलावा प्रदेश की सभी चार लोकसभा सीटों पर भाजपा की जीत होगी। वहीं देश में फिर एक बार मोदी सरकार के लक्ष्य को वह आगे बढ़ा रहे हैं।