नाहन, 25 अप्रैल : सिखों के दसवें गुरु श्री गोविंद सिंह जी महाराज के नाहन आगमन पर सिख नौजवान सेवक जत्था द्वारा जोड़ मेले का आयोजन किया जा रहा है। 26 अप्रैल को दस्तार व गुरबाणी प्रतियोगिता से मेले का शुभारंभ होगा। 27 अप्रैल को गुरुद्वारा श्री टोका साहिब से गुरुद्वारा साहिब नाहन तक विशाल नगर कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है।
सिख नौजवान सेवक जत्था के अध्यक्ष सरदार अमरेंद्र सिंह ने बताया कि 30 अप्रैल को श्री अखंड पाठ साहिब व कीर्तन दरबार होगा। 1 मई को 15वां महान कीर्तन समागम प्रस्तावित है। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी समूह साध संगत, समूह जत्थेबंदियां द्वारा संयुक्त तौर पर आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जोड़ मेले का आयोजन 26 अप्रैल से 5 मई तक किया जा रहा है। मेले का आधिकारिक उदघाटन 27 अप्रैल को शाम साढ़े 5 बजे पुलिस अधीक्षक रमण मीणा द्वारा किया जाएगा।
टोका साहिब से नगर कीर्तन पहुंचने के बाद ही आधिकारिक उदघाटन रखा गया है। मेले का समापन कवि दरबार के साथ किया जाएगा। बता दें कि सिखों के दसवें गुरु श्री गोविंद सिंह जी महाराज सिरमौर रियासत के तत्कालीन शासक मेदिनी प्रकाश के निवेदन पर 30 अप्रैल 1685 को नाहन आए थे। गुरु ने जीवन के लगभग 8 महीने नाहन में बिताए थे। गुरु गोविंद सिंह जी की कई निशानियां गुरुद्वारा श्री दशमेश अस्थान नाहन में सुशोभित हैं।
दीगर है कि श्री गुरु गोविंद सिंह जी महाराज द्वारा शासक को भेंट की गई तलवार आज भी अंतिम शासक की बेटी व जयपुर की राजमाता पदमिनी देवी के सिटी पैलेस जयपुर में संरक्षित है।
@R1