मंडी, 25 अप्रैल : हिमाचल पथ परिवहन निगम से सेवानिवृत कर्मचारियों ने 2016 से एरियर की किस्त जारी न होने से प्रदेश की सक्खू सरकार के खिलाफ मार्चा खोलने का मन बना लिया है। निगम से सेवानिवृत कर्मचारियों का आरोप है कि उनकी लंबित पड़ी मांगों पर प्रदेश सरकार के द्वारा कोई गौर नहीं किया जाता है। इसका खामियाजा प्रदेश सरकार को लोकसभा चुनावों में भुगतना होगा। यह चेतावनी हिमाचल परिवहन सेवानिवृत कल्याण मंच के बैनर तले सेवानिवृत कर्मचारियों ने मंडी में आयोजित बैठक के दौरान दी। इस बैठक में डिविजन मंडी से सेवानिवृत कर्मचारियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई।
बैठक के उपरांत मीडिया से रूबरू होते हुए हिमाचल परिवहन सेवानिवृत कल्याण मंच के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष बृज लाल ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार निगम के 8 हजार कर्मचारियों के साथ अन्याय कर रही है। प्रदेश सरकार 1-1-16 से न तो एरियर की किस्त जारी कर रही है और न ही पूर्व सरकार द्वारा जारी 50 हजार की किस्त जारी कर रही है। इसके अलावा आयु वर्ग के आधार मिलने वाले लाभ व मेडिकल बिलों का भी भुगतान प्रदेश सरकार के कार्यकाल में नहीं मिल रहा है। जिससे प्रदेश के हजारों सेवानिवृत्त कर्मचारी कांग्रेस सरकार से नाराज है।
बृजलाल ठाकुर ने सेवानिवृत कर्मचारी प्रदेश सरकार से अपना हक मांग रहा है। क्योंकि उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में रहकर कई सालों तक अपनी सेवाएं दी है। बृजलाल ठाकुर ने प्रदेश सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मई व जून माह में सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लंबित भुगतानों का अदायगी नहीं करती है चुनावों में प्रदेश सरकार के खिलाफ मतदान करने से गुरेज नहीं करेंगे।
@R1