नई दिल्ली, 19 अप्रैल : लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 21 राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीटों पर मतदान जारी है। उत्तर-पूर्व के मणिपुर से मतदान केंद्र पर फायरिंग की सूचना है। पश्चिम बंगाल में कूच बिहार लोकसभा सीट पर वोटिंग के दौरान पथराव की सूचना है। चंदामारी इलाके में ये पथराव हुआ। पत्थरबाजी में एक बीजेपी कार्यकर्ता भी घायल हुआ। इसे छोड़कर बाकी राज्यों में दोपहर तक मतदान जारी है। उत्तर प्रदेश में छुटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण चला हुआ है।
गौरतलब है कि पहले चरण में तमिलनाडू की 39, राजस्थान की 12, मध्य प्रदेश की 6, बिहार की 4, महाराष्ट्र की 5, असम की 5, उत्तर प्रदेश की 8 व उत्तराखंड की 5 सीटों पर शुक्रवार को मतदान हो रहा है। इसके अलावा त्रिपुरा, मणिपुर, नागालैंड, पुडुचेरी, जम्मू-कश्मीर, मिजोरम, सिक्किम, लक्षद्वीप, अंडेमान-निकोबार, छत्तीसगढ़ की एक-एक सीट के लिए भी मतदान जारी है। जबकि अरुणाचल प्रदेश व मेघालय की 2-2 सीटों व पश्चिमी बंगाल की 3 सीटों पर मतदान हुआ है।
मणिपुर में एक सुदूर मतदान केंद्र पर फायरिंग होने का समाचार है। पहले दो घंटे में सबसे अधिक 9.30 प्रतिशत मतदान बिहार के गया लोकसभा क्षेत्र में हुआ।
मध्य प्रदेश में दोपहर एक बजे तक 44 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं, उत्तराखंड व जम्मू-कश्मीर में 43.1, त्रिपुरा में 53 फीसदी, महाराष्ट्र में 32 फीसदी, पश्चिम बंगाल में 51 फीसदी व छत्तीसगढ़ में 41.5 फीसदी मतदान हुआ।
पहले चरण में नितिन गड़करी, सर्वानंद सोनोवाल के अलावा 6 अन्य केंद्रीय मंत्रियों किरेन रिज्जजू, संजीव बालियान, जितेंद्र सिंह, अर्जुन राम मेघवाल, एल मुरगन, निशिथ प्रमाणिक, विप्लव कुमार देब, नाबामतुक और तेलंगाना की पूर्व राज्यपाल टी सुंदराजन के अलावा भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल बलूनी, उत्तराखंड कांग्रेस के अध्यक्ष गणेश गोंदियाल, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र रावत व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के पुत्र वीरेंद्र रावत का भाग्य मतदान पेटियों में बंद हो जाएगा।
कुल 625 उम्मीदवार मैदान में ताल ठोक रहे हैं। इस मतदान में 16 करोड़ 63 लाख मतदाता वोट डालकर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। 5 हजार पोलिंग स्टेशनों पर सिर्फ महिला कर्मियों व सुरक्षाकर्मियों को ही तैनात किया गया है। यहां महिलाएं ही वोट डालेंगी और तमाम स्टाफ भी महिलाओं का ही होगा। सुबह 7 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम 6 बजे समाप्त होगा।
नक्सल प्रभावित छत्तीसगढ़ की केवल एक सीट बस्तर पर चुनाव होगा। ओवरऑल दोपहर एक बजे तक 39.9 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
@R1