सुंदरनगर, 12 अप्रैल : मंडी संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत और प्रदेश पीडब्ल्यूडी मंत्री विक्रमादित्य सिंह के बीच जारी जुबानी जंग के बीच अब प्रदेश भाजपा मुख्य प्रवक्ता राकेश जम्वाल भी कूद गए हैं। राकेश जम्वाल ने शुक्रवार को संगठनात्मक सुंदरनगर के भाजपा कार्यालय में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि विक्रमादित्य सिंह जनता का ध्यान भटकाने के लिए बयानबाजी कर रहे हैं। मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता विक्रमादित्य सिंह और प्रतिभा सिंह से हिसाब मांगने जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर विधानसभा क्षेत्र सुंदर नगर की बात की जाए तो यहां सांसद निधि का पैसा पंचायतों तक नहीं पहुंच पाया है।
राकेश जंवाल ने सवाल उठाते हुए कहा कि सांसद निधि का पैसा आखिर कहां गया। सांसद निधि के तौर पर प्रत्येक सांसद को एक वर्ष में विभिन्न विकास कार्यों पर खर्च करने के लिए 5 करोड़ रुपए दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी कंगना रनौत पर कांग्रेस के केंद्रीय नेता और प्रदेश सरकार के मंत्री अभद्र टिप्पणियां कर रहे हैं। लेकिन क्षेत्र की जनता के साथ-साथ भाजपा प्रदेश सरकार से बीते 15 माह के कार्यकाल का हिसाब मांगेगी।
वहीं, विधायक राकेश जम्वाल ने कांग्रेस के धर्मपुर विधायक चंद्रशेखर के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि विधायक चंद्रशेखर कांग्रेस पार्टी की हार को देखकर बौखलाहट में हैं। आज कांग्रेस 6 विधानसभा क्षेत्रों में उप चुनाव लड़ रही है। लेकिन उनके पास कोई प्रत्याशी नहीं है। मंडी संसदीय क्षेत्र से मौजूदा सांसद प्रतिभा सिंह प्रदेश कांग्रेस सरकार पर अनदेखी के आरोप लगा रही हैं। वहीं प्रतिभा सिंह उनके बेटे विक्रमादित्य सिंह को मंडी संसदीय क्षेत्र से चुनाव लड़ने की बात कह रही हैं। लेकिन विक्रमादित्य या प्रतिभा सिंह के मंडी संसदीय क्षेत्र से लोकसभा चुनाव लड़ने के बाद भी भाजपा लाखों मतों से जीतकर वर्ष 2019 का रिकॉर्ड तोड़ने जा रही है।
इससे पूर्व संगठनात्मक जिला भाजपा सुंदरनगर कार्यालय में सुंदरनगर मंडल की बैठक का आयोजन भी किया। इस बैठक की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के चुनाव प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने की। बैठक में श्रीकांत शर्मा ने कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। इसके साथ श्रीकांत ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के मार्गदर्शन भी दिया। इसमें बूथ अध्यक्ष, बूथ पालक, मंडल कार्यकारिणी, युवा मोर्चा व सभी प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता मौजूद रहे।
@A1