शिमला, 10 मार्च : हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस बागी नेताओं के घर में संगठन की मरम्मत की तैयारी में भी जुट गई है। विधानसभा की सदस्यता से बर्खास्त पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा के गृह क्षेत्र में पार्टी ने कांग्रेस मंडल को भंग कर दिया है। महासचिव रजनीश खिमटा द्वारा जारी की गई प्रेस विज्ञप्ति सोशल मीडिया में भी खूब शेयर की जा रही थी।
प्रेस विज्ञप्ति में महासचिव ने बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के हिमाचल प्रभारी राजीव शुक्ला व पार्टी की प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह की मंजूरी के बाद कांग्रेस ब्लॉक कमेटी धर्मशाला को तत्काल प्रभाव से भंग किया गया है। लाजमी तौर पर मंडल के अहम ओहदों पर पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा के समर्थक ही काबिज होंगे। लिहाजा, लोकसभा चुनाव से पहले कांग्रेस संगठन में भी फेरबदल की कवायद में जुट गई है।