मंडी, 08 मार्च : अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 2024 में दो ऐसे देवताओं ने शिरकत की है जो एक सदी से भी अधिक का समय बीत जाने के बाद दोबारा इस महोत्सव का हिस्सा बने हैं। यह दोनों देवता मंडी और कुल्लू जिलों की सीमाओं पर बसे हैं। दोनों ही देवताओं के दोनों ही जिला में भक्त और श्रद्धालु मौजूद हैं। इनमें एक देवता है देव अनंत बालूनाग और दूसरे हैं देव खुड्डी जहल। देवता अनंत बालूनाग लगभग 144 वर्षों तो देवता खुड्डी जहल लगभग 100 वर्षों के बाद शिवरात्रि महोत्सव में शामिल होने मंडी आए हैं। दोनों देवताओं का यहां पहुंचने पर सर्व देवता कमेटी के अध्यक्ष शिवपाल शर्मा ने फूलों का हार पहनाकर स्वागत किया।
देवता अनंत बालू जब राजा ओमेश्वर से मिलने के बाद वापस लौटे तो शाम करीब 5 बजे ऐसा माहौल बना कि माधोराय मंदिर से बाबा भूतनाथ तक सड़क पूरी देवी-देवताओं और देवलुओं से भर गई। देवताओं के आगे चले देवलु जगह-जगह वाद्ययंत्र बजने पर झूमते हुए दिखाई दिए। देवता अनंत बालू नाग के साथ चले देवलुओं ने बताया कि आखिर बार 1880 में देवता यहां आए थे। इस बार देवता ने खुद ही महाशिवरात्रि में जाने के संकेत दिए थे। शुक्रवार को देवता के साथ पांच पंचायतों खापड़, शिकारीघाट, भलागाड़, भाहू और मंडी जिले के नारायणगढ़ और धारागढ़ के सैकड़ों देवलु मौजूद रहे। देवता को मोतिपुर स्थित मां चामुंडा देवी मंदिर में ठहराया गया है, जहां पर वह सात दिन रहेंगे। वहीं, देवता खुड्डी जहल राजा ओमेश्वर से मिलने के बाद काफी देर तक राजा के बेहड़े में ही बैठे रहे। इसके बाद राजा की अनुमति के बाद वे यहां से रवाना हुए। इन्हें एक मंदिर में ठहराया गया है।
चौहाटा बाजार में 4 बार देव कांडलू कामेश्वर से मिले देवता अनंत बालू नाग
राजा ओमेश्वर से मिलने के बाद जब देवता अनंत बालू नाग देवलुओं संग चौहाटा बाजार पहुंचे तो वहां पर रूककर बालीचौकी से पहुंचे देव कांडलू कामेश्वर का इंतजार किया और देवलुओं को भी करवाया। इस दौरान देवता अनंत बालू नाग देव कांडलू कामेश्वर से चार बार मिले। इस भव्य अलौकिक नजारे के दौरान पूरा चौहाटा बाजार देवलुओं से भर गया।
कल होगा महोत्सव का विधिवत शुभारंभ
गौरतलब है कि 9 मार्च से आरंभ होने वाले अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव का दोपहर 3 बजे मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पड्डल मैदान में शुभारंभ करेंगे। इससे पूर्व वे दोपहर 2 बजे उपायुक्त कार्यालय में पगड़ी बंधवाने की रस्म के बाद राज माधव राय मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद राज माधव राय मंदिर से पड्डल मैदान तक निकलने वाली शोभायात्रा की अगुवाई करेंगे। पड्डल मैदान में सीएम विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके उपरांत मुख्यमंत्री 68.63 करोड़ रुपये की जल शक्ति, लोक निर्माण तथा राजस्व विभाग की 12 विकासात्मक योजनाओं के उदघाटन व शिलान्यास करेंगे। मुख्यमंत्री इस अवसर पर इंदिरा मार्केट की छत पर सरस मेले का भी शुभारंभ करेंगे।