ऊना, 04 मार्च : उपमंडल गगरेट के औद्योगिक क्षेत्र रामनगर गगरेट में एक सरिया उद्योग में ऑक्सीजन पाइप फटने से धमाका हो गया। घटना में 2 कामगार बुरी तरह से झुलस गए। घायल अवस्था में उन्हें सिविल अस्पताल गगरेट लाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उन्हें क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर किया। पुलिस ने कामगार की शिकायत पर उद्योग प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सिकंदर गौतम पुत्र बुजावन गौतम निवासी घिवाही जिला सोमभद्र उत्तर प्रदेश ने बताया कि वह उद्योग में हेल्पर का काम करता है। सोमवार सुबह वह अन्य कामगारों के साथ उद्योग में काम करने गया। करीब 10 बजे अमन कुमार यादव व आजम खान स्क्रैब कटिंग करने के लिए ऑक्सीजन सिलेंडर खोलने गए अचानक ऑक्सीजन पाइप में ब्लास्ट हो गया और आग फैल गई। घटना में आजम खान व अमन कुमार यादव झुलस गए। जिन्हें उपचार के लिए उद्योग प्रबंधन ने सिविल अस्पताल गगरेट पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर कर दिया गया।
डीएसपी वसुधा सूद ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने कामगार की शिकायत पर उद्योग प्रबंधन के खिलाफ केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।