मंडी, 16 जनवरी : सिक्खों के दसवें गुरु, श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व को लेकर छोटी काशी मंडी में भव्य आयोजन किया जा रहा है। बीती 11 जनवरी से शहर में प्रभात फेरियां निकाली जा रही थी और आज इसी उपलक्ष पर शहर भर में भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया।
इस नगर कीर्तन में गतका कला, बैंड पार्टी और स्कूली बच्चों सहित बड़ी संख्या में आए संगतों ने भाग लिया। नगर कीर्तन के दौरान गतका कला का प्रदर्शन सभी के लिए आकषर्ण का केंद्र रहा। गुरूद्वारा प्रबंधन कमेटी मंडी के उप प्रधान गुरचरण सिंह ने बताया कि अगले कल गुरूद्वारे में कीर्तन दरबार सजेगा जिसमें रागी जत्थे गुरूबाणियों के माध्यम से गुरू महाराज की महिमा का बखान करेंगे।
उन्होंने कहा कि गुरू गोबिंद सिंह ने धर्म की रक्षा के लिए अपने पूरे परिवार की आहूति दे दी और यही शिक्षा सिक्ख समाज को भी मिली है। उन्होंने लोगों से इस आयोजन में बढ़चढ़ कर भाग लेने का आहवान भी किया। वहीं, सिक्ख श्रद्धालुओं में इस आयोजन को लेकर भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।
बता दें कि मंडी शहर में गुरु गोबिंद सिंह जी का ऐतिहासिक गुरुद्वारा है। अपने जीवनकाल में गुरु गोबिंद सिंह यहां स्वयं आए थे और 6 महीने 18 दिन यहां पर रुके थे। आज भी इस गुरूद्वारे में उनकी पलंग, सितार, राइफल और बारूद भरने की कूपी मौजूद है और लोग इनके दर्शनों के लिए दूर-दूर से यहां पर आते हैं।