संगड़ाह, 14 जनवरी : ग्राम पंचायत शामरा के जंगल व रिहायशी इलाकों के आसपास दहशत फैला रहा तेंदुआ के पिंजरे में कैद होने से लोगों ने राहत की सांस ली है। जानकारी के अनुसार कई दिनों से तेंदुआ रिहायशी इलाके के आसपास मंडरा रहा था। तेंदुआ क्षेत्र में कई पशुपालकों के मवेशियों को अपना शिकार बना चुका था। लोग कई दिनों से डर के साए में रह रहे थे। लोगों के आग्रह पर कुछ दिन पहले वन विभाग ने गांव के समीप तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया था।
ग्रामीण सूरजन कमल हर रोज पिंजरे के अंदर मीट रख रहे थे, ताकि तेंदुआ ट्रेप हो सके। आख़िरकार शनिवार की रात तेंदुआ पिंजरे में फंस ही गया। रविवार सुबह ग्रामीणों को तेंदुए के पिंजरे में फंसे होने का पता चला। जिसके बाद वन विभाग को सूचना दी गई।
गौरतलब है कि करीब एक महीने पहले सेर तंदुला पंचायत के बराडी निवासी भीम सिंह को तेंदुए ने बुरी तरह नोच खाया था। हमले में भीम सिंह की जान तो बच गई, मगर तेंदुए ने उन्हें बुरी तरह लहूलुहान कर दिया। उसके बाद समूचे क्षेत्र में डर का माहौल बन गया था।
बता दें कि आजकल क्षेत्र में काफी तेंदुए घूमते हुए नजर आ रहे हैं। चार दिन पहले नौहराधार तहसील कार्यालय के नजदीक एक तेंदुआ घर के आंगन में घूमता हुआ नजर आया। सीसीटीवी में तेंदुए की मौजूदगी का पता चला, जिसके बाद से लोग सहमे हुए थे। तेंदुए के पिंजरे में फंसने के बाद लोगों को राहत मिली है।