आशीष शर्मा/ कांगड़ा : देहरा के अंर्तगत शनिवार शाम दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां शिकार खेलने गए एक व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार घटना शनिवार करीब 8 बजे की है।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक के भाई विनोद कुमार ने पुलिस को बतलाया कि उसके छोटे भाई विजय कुमार उर्फ विक्कू (45) निवासी सलागड़ी तहसील देहरा को फेरा लिंक रोड को ऊपर चेचला जंगल में ले जाकर गोली चलाकर हत्या की गई है। बताया जा रहा है कि करीब 5/6 महीने पहले भी आरोपी प्रवीण ने उसके भाई से लड़ाई झगड़ा किया था। इसी रंजिश के चलते प्रवीण ने उसके भाई विजय कुमार की हत्या की है। आरोपी की पहचान प्रवीण कुमार पुत्र प्रकाश चंद निवासी सलागड़ी तहसील देहरा के रूप में हुई है।
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या के लिए प्रयोग की गई बंदूक को जब्त कर लिया है। पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि मृतक के भाई विनोद कुमार के बयान के आधार पर पुलिस थाना देहरा में धारा 302 व आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत मामला दर्ज किया गया है। मृतक का पोस्टमार्टम कर मामले की आगामी जांच जारी है।