सरकाघाट, 17 दिसंबर : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सरकाघाट में शनिवार को पौधारोपण किया गया। इस दौरान पर्यावरण प्रेमी बालक प्रज्जवल शर्मा ने पौधारोपण कर समाज व छात्रों को पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के प्रधानाचार्य अनिल पठानिया ने की। बतौर मुख्यातिथि एसडीएम स्वाति डोगरा ने स्कूल प्रांगण में सेब के पौधे रोपित किए।
इस दौरान मुख्यातिथि ने पर्यावरण प्रेमी प्रज्जवल शर्मा के पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रयासों की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने छात्रों को युवावस्था से ही पर्यावरण के प्रति सजग रहने को कहा। उन्होंने बताया कि प्रज्जवल शर्मा जैसा बालक बेहद कम उम्र में पर्यावरण के महत्व को समझ गया और आज विभिन्न अभियानों के तहत पौधारोपण कर समाज को संदेश दे रहा है। इसी तरह छात्र अवस्था में यदि युवा पर्यावरण के प्रति रूचि दिखाएंगे तो पर्यावरण संरक्षण में बहुत बड़ा योगदान रहेगा।
बता दें कि प्रज्जवल शर्मा की पहचान नन्हें पर्यावरण प्रेमी के तौर पर होती आई है। नन्हीं उम्र में पर्यावरण को संरक्षण देने की ठान ली थी। इसी के तहत अब तक तीन हजार से अधिक पौधे रोपित कर चुका है। बाल्यकाल से प्रकृति से नाता बना चुका प्रज्जवल अब युवावस्था में प्रवेश कर रहा है। प्रज्जवल के निरंतर अभियानों की सराहना खुद मुख्यमंत्री कर चुके हैं। 5 जून 2023 को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रज्जवल को स्टेट लीडरशिप अवार्ड से भी नवाजा था।
इससे पूर्व स्कूल के प्रधानाचार्य अनिल शर्मा ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। साथ ही प्रज्जवल को अपना शुभ आशीष दिया। पर्यावरण प्रेमी प्रज्जवल ने छात्रों से अधिक से अधिक पौधारोपण की अपील की। इस मौके पर स्कूल के डीपीई राजू, प्रवक्ता भारत भूषण, विजय कुमार, देवदत्त प्रेमी, राजेश समेत समस्त स्कूल स्टाफ व छात्र मौजूद रहे।