मंडी (वी कुमार): इंसान में कुछ कर गुजरने का जज्वा हो तो फिर उम्र कभी बाधा नहीं बन सकती। ऐसी ही मिसाल पेश की है, पंजाब के एक बुजुर्ग भगवान सिंह ने। भगवान सिंह पंजाब के लुधियाना जिला के जंगराव गांव का रहने वाला है और इनकी उम्र 65 वर्ष है। इन्होंने हिमाचल प्रदेश के सभी धार्मिक स्थलों का भ्रमण साईकिल पर करने का संकल्प लिया है।
अपने इसी संकल्प को पूरा करते हुए भगवान सिंह इन दिनों हिमाचल प्रदेश के भ्रमण पर हैं। भगवान सिंह ने बताया कि उन्होंने बीती 23 जुन को श्री आनंदपुर साहिब में माथा टेक के बाद अपनी साईकिल यात्रा की शुरूआत की थी। अभी तक वह नैना देवी, ऊना साहिब, माता चिंतपूर्णी, ज्वालाजी, कांगडा माता, जम्मू स्थित वैष्णों माता, अमरनाथ की यात्रा करने के बाद पठानकोट होते हुए मंडी पहुंचे हैं।
मंडी के ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री गुरू गोबिंद सिंह जी महाराज में माथा टेकने के बाद अब मनीकर्ण साहिब के लिए रवाना हो गए हैं। मनीकर्ण साहिब से वापिस चंडीगढ, नडा साहिब, पौंटा साहिब से होकर हेमकुंड साहित में अपनी यात्रा का समापन करेंगे। इसके बाद वापिस अपने घर पहुंचेंगे। उन्होंने बताया कि जहां रात पड गई, वहीं रात काट कर अगली सुबह पांच बजे अपनी यात्रा शुरू कर देते हैं।
श्रद्धालु और अन्य लोग भी इनकी खासी मदद कर रहे हैं। भगवान सिंह ने बताया कि यात्रा के माध्यम से वह आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश फैलाने का प्रयास भी कर रहे हैं।