हरिपुरधार, 16 दिसंबर : कुपवी क्षेत्र के डीपीई (DPE) जगत छींटा जल्द ही राष्ट्रीय स्तर के कबड्डी प्रतियोगिता में तकनीकी अधिकारी (रेफरी) की भूमिका में नजर आएंगे। तीन दिवसीय यह प्रतियोगिता 9 से 11 जनवरी तक दमन व दीव में शुरू हो रही है। प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों के खिलाड़ी भाग ले रहे हैं।
बता दें कि जगत छींटा पहली बार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में खिलाड़ियों को जज करते हुए नजर आएंगे। जगत सिंह छींटा कुपवी तहसील के मझौली गांव के रहने वाले हैं। जगत छींटा माध्यमिक विद्यालय गोंठ में डीपीई के पद पर कार्यरत हैं। छींटा को बचपन से ही खेलों में काफी लगाव है। खासकर कबड्डी में उन्होंने बचपन से ही रुचि दिखाई है।
11 दिसंबर 2022 को उन्होंने नई दिल्ली में आयोजित तकनीकी अधिकारी (रेफरी) की परीक्षा पास कर अपने स्कूल ही नहीं अपितु पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है। ऐमेचर कबड्डी फेडरेशन ऑफ इंडिया ने खेलो इंडिया के तहत दमन व दीव में हो रही राष्ट्रीय स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए उनका चयन रेफरी के रूप में हुआ है।
वहीं स्कूल प्रधानाचार्य राय सिंह रावत व समस्त स्टाफ ने छींटा को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य के लिए ईश्वर से कामना की है। रावत ने बताया कि जगत छींटा ने खेलों के प्रति गहरी रुचि व अपनी कड़ी मेहनत के दम पर यह मुकाम हासिल किया है।