मंडी, 10 दिसंबर : हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर कांगड़ा के धर्मशाला में आयोजित होने वाला कार्यक्रम केवल मात्र सरकार का एक वर्ष होने का जश्न नहीं होगा यह एक जन संवाद कार्यक्रम की तरह होगा। जिसमें बारिश से प्रभावितों के साथ संवाद किया जाएगा, प्रभावितों को राहत देने के साथ ही राहत कार्य का फीडबैक भी लिया जाएगा। यह पलटवार हिमाचल प्रदेश सरकार में लोकनिर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने प्रदेश भाजपा पर किया है। मंडी में अपने दौरे के दौरान पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि भाजपा को हर तरफ राजनीति ही दिखाई देती है।
वहीं थनौट वाया सेहली सड़क का उद्धाटन किया। इसके बाद उन्होंने टूटे हुए पूलों का जायजा भी लिया। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश की जनता को सड़क व यातायात की बेहतर सुविधा गुणवत्ता के साथ देना उनकी सरकार की प्राथमिक्ता है। वहीं टूटे हुए पुलों के लिए भारत सेतु योजना के तहत केंद्र सरकार से भी वित्तीय सहायता मांगी गई है। जिसके आते ही बारिश में टूटे हुए पुलों को बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभाग को सभी विकास कार्यों को निश्चित समय सीमा में पूरा करने की दिशा निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान उनके साथ मंडी लोकसभा क्षेत्र की सांसद प्रतिभा सिंह सहित अन्य गणमान्य भी मौजूद रहे।