मंडी, 7 दिसंबर : शहर का दिल कही जाने वाली इंदिरा मार्केट के बीचों बीच स्थित ऐतिहासिक घंटा घर में बुक कैफे व टाउन हॉल में लाइब्रेरी खुलेगी। यह लाइबेरी आधुनिक सुविधाओं से लैस होगी, जिसमें 50 पाठकों के बैठने की सुविधा के साथ, ई रीडिंग रूम व वाई फाई की सुविधा रहेगी। इसके अलावा प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों पर 20-20 लाख खर्च किए जाएंगे। यह फैसला नगर निगम की सामान्य बैठक में लिया गया। नगर निगम की यह बैठक वीरवार को नवनियुक्त महापौर वीरेंद्र भट्ट व उपमहापौर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में निगम के सभी पार्षदों ने उपस्थिति दर्ज कराई।
इस मौके पर नगर निगम के आयुक्त एचएस राणा भी विशेष रूप से मौजूद रहे। बैठक में सभी पार्षदों ने शहर में होने वाले विकास कार्यों को अपनी-अपनी राह रखी। जिसमें कुछ पार्षदों के बीच विकास कार्यो को लेकर कुछ गहमागहमी भी देखने को मिली। बैठक में शहर के 15 वोर्डों में विकास कार्यों को लेकर 20 से अधिक मदों पर चर्चा की गई।
बैठक के उपरांत मिडिया से रूबरू होते हुए नगर निगम महापौर वीरेंद्र भट्ट ने बताया कि निगम के पास धन की कमी के बावजूद विकास कार्य निरंतर जारी हैं। बरसात के सीजन के दौरान मंडी शहर के विभिन्न वार्डों में 36 करोड़ का नुकसान हुआ है। जिसकी रिपोर्ट सरकार को भेज दी गई है। यह पैसा नगर निगम को अभी तक नहीं मिला है। इसके विपरीत सरकार ने नगर निगम की 4 करोड़ की ग्रांट वापिस मांगी है। उन्होंने सरकार से इस ग्रांट को वापिस न लेने की अपील की है।
वहीं वीरेंद्र भट्ट ने शहर में होने वाले अन्य विकास कार्यो को गिनवाते हुए बताया कि शहर के माता सिद्ध काली मंदिर के पास आधुनिक रेन शेल्टर बनाया जाएगा। शहर की पुरानी दुकानों के आगे ब्यूटीफिकेशन के साथ दीवारों से अवैध पोस्टर हटाए जाएंगे। गौ सदन की तर्ज पर शहर में डॉग केयर सेंटर खोले जांएगे। शहरवासियों को बंदरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए डेढ़ माह में 500 बंदर पकड़े जाएंगे।
इसके अलावा प्रत्येक वार्ड में विकास कार्य पर 20-20 लाख खर्च किए जाएंगे। पार्षद अपने अपने वार्ड की सड़कों पर ध्यान दें सड़कों पर कोई भी गढ्ढा नहीं होना चाहिए। उन्होंने बताया कि इस समय मंडी नगर निगम में 5 करोड़ के विकास कार्यो को अमलीजामा पहनाया जा रहा है। भट्ट में यह भी साफ किया कि आने वाले समय शहर में विकास कार्यों के लिए ऑनलाइन टेंडरिंग की जाएगी, ताकि विकास कार्यों में पारदर्शिता बरती जा सके।