मंडी, 04 दिसंबर : बालीचौकी उपमंडल के तहत पड़ने वाली ग्राम पंचायत भनवास में आगजनी की घटना पेश आई है। यहां गांव गोथला में सोमवार दोपहर को आग लगने से 12 कमरों का मकान जलकर राख हो गया। आगजनी की घटना में 10 लाख का नुकसान हुआ है। बताया जा रहा है कि यह स्लेट पोश लकड़ी नुमा संयुक्त मकान था। आग का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। गनीमत यह रही कि घटना के समय घर के अंदर कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर बाद लगभग 3:30 बजे अचानक घर से आग की लपटें उठने लगी। आग की लपटों को देखकर गांव के सभी लोग इकट्ठे हो गए। ग्रामीणों के एकत्रित होने तक मकान आधा जल गया था। मौके पर पहुंचे सभी लोगों ने आग को बुझाने का प्रयास किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। प्रत्यक्षदर्शी मोहन ने बताया कि आग बुझाने में थोड़ी सी भी देर होती तो अन्य घरों को भी नुकसान हो सकता था। यह मकान ढालु राम, डोलु राम, सीबे राम पुत्र झली राम व प्यारे राम, भीमे राम, चमन कुमार, माघी देवी पत्नी शोभे राम का संयुक्त मकान था। इस घर को यह परिवार मवेशियों व स्टोर के लिए इस्तेमाल करते है।
पंचायत के उप प्रधान भाग सिंह ने बताया कि संयुक्त मकान में आग से करीब दस लाख रुपये नुकसान हुआ है। उन्होंने सरकार व प्रशासन से प्रभावित परिवारों को हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग उठाई है। वहीं नायब तहसीलदार बालीचौकी हुक्कम राम ने बताया कि टीम को मौके लिए भेज गया है। प्रभावित परिवारों को नियमों के अनुसार उचित सहायता प्रदान की जाएगी।