मंडी, 01 दिसंबर : चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे पर पंडोह डैम के पास सुमो टैक्सी खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है, वहीं 8 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की सूचना मिलने पर पंडोह चौकी की टीम ने शव को कब्जे में ले लिया है। वहीं घटना में घायल 7 लोगों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से जोनल अस्पताल मंडी लाया गया है। एक घायल पंडोह अस्पताल में ही उपचाराधीन है। बताया जा रहा है कि यह सभी लोग टैक्सी में बैठकर देवरी पंचायत की ओर जा रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार टाटा सूमो टैक्सी पंडोह बाजार से शुक्रवार शाम 5:30 बजे देवरी पंचायत के बौंस गांव की तरफ सवारियों को लेकर जा रही थी। जैसे ही सूमो पंडोह डैम वैकल्पिक मार्ग पर एसपीटी होटल के आगे मोड़ पर पहुंची तो अनियंत्रित होकर गाड़ी 100 मीटर नीचे गिर गई। घटना में जल शक्ति विभाग से सेवानिवृत्त टिकम राम निवासी गांव मुथल डाकघर व पंचायत देवरी की मौके पर मौत हो गई। मृतक वर्तमान पंचायत प्रधान देवरी धनी राम के पिता हैं। जबकि टैक्सी सवार करीब आठ लोग घायल हो गए। सभी घायल देवरी पंचायत के आसपास के बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलने पर 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को जोनल अस्पताल मंडी पहुंचाया गया। जहां उनका उपचार चल रहा है। एएसपी सागर चंद्र ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पंडोह चौकी की टीम ने मामला दर्ज आगामी छानबीन शुरू कर दी है।