शिमला, 28 नवम्बर : प्रदेश में कांग्रेस के नेतृत्व वाली सुक्खू सरकार (sukhu government) ने यशवंत छाजटा को हिमुडा का उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। सिरमौर के प्रदीप शर्मा, बिलासपुर के जितेंद्र चंदेल और ऊना के राकेश चौधरी को हिमुडा का गैर सरकारी सदस्य लगाया गया है। इस संबंध में सरकार (Government) की ओर से अधिसूचना जारी हुई है।
हिमुडा के उपाध्यक्ष बनाए गए यशवंत छाजटा (Yashwant Chhajta) प्रदेश कांग्रेस के महासचिव भी हैं। कांग्रेस शासन में दूसरी बार उनकी हिमुडा के उपाध्यक्ष पद पर तैनाती हुई है। इससे पहले वीरभद्र सिंह सरकार (Virbhadra Singh government) के कार्यकाल में वर्ष 2014 से 2017 तक भी वह इसी पद पर नियुक्त हुए थे। यशवंत छाजटा को पूर्व सीएम दिवंगत वीरभद्र सिंह का करीबी माना जाता है। उनकी ताजपोशी से सुक्खू सरकार में होलीलोज खेमे को अधिमान मिला है।
होलिलोज खेमे से जुड़े कांग्रेस (Congress) के नेता अंदरखाते सुक्खू सरकार पर उन्हें नजरअंदाज करने पर अपनी नाराजगी जाहिर करते रहे हैं। प्रदेश में बोर्डों-निगमों में आधा दर्जन अध्यक्षों-उपाध्यक्षों की तैनाती होनी है। यशवंत छाजटा मूल रूप से जिला शिमला की जुब्बल-कोटखाई तहसील के रहने वाले हैं। वह शिमला से ताल्लुक रखने वाली बॉलीवुड अभिनेत्री प्रीति जिंटा के मामा हैं। प्रदेश में पिछले साल हुए विधानसभा चुनाव में शिमला शहरी सीट से कांग्रेस की टिकट के दावेदार भी थे। हालांकि कांग्रेस का टिकट झटकने में वह सफल नहीं हुए थे।