मंडी, 10 नवंबर : मंडी जनपद के क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान पंडोह में हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी धनवंतरी दिवस का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान आयुर्वेद के दाता भगवान धन्वंतरि जी की पूजा अर्चना की गई और सभी को आयुर्वेद और योग से निरोग रहने का संदेश दिया गया।
पंडोह में वर्ष 2016 से प्रत्येक वर्ष धनतेरस के दिन आयुर्वेद दिवस का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी दिनांक 10.10.2023 से 10.11.2023 तक आयुर्वेद माह का आयोजन किया गया। इसी संदर्भ में आठवें आयुर्वेद दिवस के सुअवसर पर आयुर्वेद के प्रति लोगों में जागरूकता उत्पन्न करने के लिए क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान संस्थान जरल पण्डोह में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ ई राजेश हांडा, वरिष्ठ अधिशासी, अभियंता बीबीएमबी पंडह ने दीप प्रज्वलित किया। कार्यक्रम में ई विवेक चोपड़ा वरिष्ठ अधिशाषी अभियंता बीबीएमबी पंडोह तथा सतपाल ठाकुर उपस्थित रहे।
इस कार्यक्रम में विभिन्न पाठशालाओं के विजेता विद्यार्थियों को अतिथिगण व डा. राजेश सण्ड प्रभारी सहायक निदेशक आयुर्वेद संस्थान के द्वारा पुरस्कृत किया गया। वहीं इस मौके पर प्रतिभागियों को औषधीय पौधों का वितरण भी किया गया। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन डा. कविता व्यास अनुसंधान अधिकारी (आयु.) ने किया। विभाग के इस आयोजन से लगभग 200 लोग लाभान्वित हुए है।