बिलासपुर, 20 अक्तूबर : झंडूता पुलिस थाना क्षेत्र के तहत गत दिवस देर सायं सेर में खेत बीज कर वापस जा रहा ट्रैक्टर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक को झंडूता सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रैफर कर दिया गया है।
शिकायतकर्ता सुनीता देवी ने बताया कि गत वीरवार देर सायं प्रदीप कुमार निवासी बडैल ट्रैक्टर से उसके खेत बीजने आया था। खेत बीजने के बाद जब वह वापस जाने लगा तो खेतों को बीजने के लिए बनाई गई संपर्क सड़क में फंस गया। उसने ट्रैक्टर को निकालने के लिए जैसे ही उसकी गति बढ़ाई तो ट्रैक्टर पलट गया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे झंडूता सीएचसी पहुंचाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे पीजीआई रैफर कर दिया गया।
उधर, डीएसपी जिला मुख्यालय मदन धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की छानबीन की जा रही है।