मंडी, 10 अक्तूबर : सिराज क्षेत्र की उप तहसील छतरी के बरियोगी में एक कार के गहरी खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि 4 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
मिली जानकारी के अनुसार कार (HP 35 – 7406) में सवार सभी लोग चपलांदी देवता के मेले से वापिस घर लौट रहे थे। इसी दौरान टाटा नेक्सा बरियोगी के समीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग बचाव कार्य के लिए घटनास्थल पर पहुंचे और मृतक और घायलों को सड़क मार्ग तक पहुंचाया। जहां से 108 के माध्यम से इन्हें जंजैहली अस्पताल उपचार के लिए भेज दिया गया।
मोबाइल पर सबसे पहले पाएं हिमाचल की ताजा खबरें, यहां क्लिक कर ज्वाइन करें हमारा WhatsApp Group
मृतक की पहचान आशुतोष पुत्र टेक सिंह निवासी टिपरा के रूप में की गई है। जो पंचायत तकनीकी सहायक बताया जा रहा है। घायलों की पहचान चालक गोविंद राम निवासी आनी, दलीप सिंह पुत्र तुले राम निवासी खिह धार और पपु पुत्र तुले राम निवासी धधौन के रूप में हुई है। चौथे घायल व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है।
बताया जा रहा है कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल को रवाना हो गई है। नायब तहसीलदार छतरी कांशी राम ने घटना की पुष्टि की है।