शिमला, 06 अगस्त : हिमाचल आने वालों के लिए एक अच्छी खबर है। 6 अगस्त 2023 से किरतपुर- नेरचौक फोरलेन (Kiratpur- Nerchowk Fourlane) पर आवाजाही शुरू हो गई है। इस खास खबर में हम आपको फोरलेन से जुड़ी कुछ खास बातें बताने जा रहे है। खूबसूरत और घुमावदार फोरलेन पर सफर का आनंद लेने के साथ ही दो टोल प्लाजा (toll plaza) भी शुरू हो गए हैं। 77 किलोमीटर के इस फोरलेन को तैयार होने में करीब 11 साल का समय लगा है।
आपको सावधान रहना पड़ेगा, ओवरस्पीड पर चालान कटेगा, जबकि खास तरह के कैमरे वाहन के भीतर भी देख सकेंगे।
राहत की बात यह है कि टोल टैक्स की दरें कम रखी गई हैं। छोटे वाहनों के लिए वापसी की दर 230 रुपये रखी गई है। वहीं, दूसरे प्लाजा पर ये दर 95 रुपए है। टोल प्लाजा पर पांच श्रेणियों में वाहनों से टोल वसूला जाएगा। शिमला से आने वाले वाहन भी फोरलेन का इस्तेमाल कर सकेंगे। फोरलेन सीधे पुराने चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग (Chandigarh-Manali NH) से जुड़ा है।
मोबाइल पर सबसे पहले पाएं हिमाचल की ताजा खबरें, यहां क्लिक कर ज्वाइन करें हमारा WhatsApp Group
फोरलेन पर मात्र 60 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड का निर्णय लोगों को रास नहीं आ रहा है। लोगों का कहना था कि फोरलेन पर चलने की स्पीड 80 किलोमीटर प्रति घंटा होनी चाहिए।
वर्तमान में किरतपुर से नेरचौक की दूरी करीब 114 किलोमीटर है। लेकिन फोरलेन बनने के बाद ये दूरी 37 किलोमीटर कम हो गई है। वाहन पांच सुरंगों व 37 पुलों से गुजरेंगे। फोरलेन परियोजना में सबसे लंबी टनल की दूरी 1800 मीटर है। सबसे छोटी सुरंग 465 मीटर लंबी है। सुरंग टू लेन है। चार समानांतर सुरंगों के निर्माण के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। एक सुरंग की समानांतर सुरंग का काम चल रहा है। परियोजना में कुल 37 पुल बने हैं, इनमें 22 बड़े और 15 छोटे पुल हैं।
बलोह टोल प्लाजा प्रबंधक मनोज राणा ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से 30 कैमरे लगाए गए हैं। इनके के माध्यम से हर आने -जाने वाले वाहनों पर नजर रखी जा सकती है। इसके अतिरिक्त पीटीजी जूम कैमरे भी लगाए गए हैं। इन्हें दूर से भी जूम करके गाड़ी के अंदर तक की गतिविधियों को चेक किया जा सकता है। टोल प्लाजा में 20 स्थानीय युवाओं को भी रोजगार मिलेगा। फ़िलहाल ये फोरलेन ट्रायल के आधार पर शुरू किया गया है।