सुंदरनगर, 6 अगस्त : कीरतपुर-नागचला फोरलेन (Kiratpur-Nagchala Fourlane) पर रविवार से आवाजाही शुरू हो गई है। हिमाचल प्रदेश के खूबसूरत और घुमावदार फोरलेन पर सफर का आनंद लेने के साथ ही गरामोड़ा और बलोह स्थित टोल प्लाजा (toll plaza) पर भी कार्य शुरू हो गया। रविवार से बलोह टोल प्लाजा से साढ़े 12 बजे तक 600 के करीब छोटे बड़े वाहन निकल चुके थे।
राहत की बात यह है कि लोगों को बलोह स्थित टोल प्लाजा में गरामोड़ा टोल प्लाजा से निकलने के लिए टोल टैक्स की दरें काफी कम हैं। गरामोड़ा में जहां छोटे वाहनों के लिए एक तरफ का टोल 150 और वापसी का 230 रुपए निर्धारित किया गया है। वहीं बलोह में यह 65 और 95 रुपए है। रविवार को फोरलेन की टनल (Fourlane Tunnel) खुलने के बाद यहां पहुंचे लोगों ने सुहाने सफर को लेकर खुशी जताई, लेकिन फोरलेन पर मात्र 60 की स्पीड रखने के निर्देश उन्हें रास नहीं आ रहे हैं।
मोबाइल पर सबसे पहले पाएं हिमाचल की ताजा खबरें, यहां क्लिक कर ज्वाइन करें हमारा WhatsApp Group
लोगों का कहना था कि बेशक हिमाचल प्रदेश में फोरलेन में काफी मोड़ हैं और लोगों की सुरक्षा को लेकर यह निर्णय लिया गया है। लेकिन फोरलेन पर चलने के लिए 60 के बजाए यह स्पीड 80 कर देनी चाहिए, ताकि लोग समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।
बलोह टोल प्लाजा पर सुरक्षा की दृष्टि से लगे हैं 30 कैमरे…
बलोह टोल प्लाजा प्रबंधक मनोज राणा ने बताया कि टोल प्लाजा में सुरक्षा की दृष्टि से 30 कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के माध्यम से हर आने जाने वाले वाहनों पर नजर रखी जा सकती है। किसी दुर्घटना या घटना के समय में इससे मदद मिलेगी। इसके अतिरिक्त पीटीजी जूम कैमरे भी लगाए गए हैं। इन्हें दूर से भी जूम करके गाड़ी के अंदर तक की गतिविधियों को चैक किया जा सकता है।
टोल प्लाजा में 20 स्थानीय युवाओं को भी रोजगार मिलेगा। युवा अपने प्रमाणपत्र एनएचएआई (NHAI) के कार्यालय में जमा करवा रहे हैं। पूरी प्रक्रिया के बाद उन्हें नियुक्ति दी जाएंगी। इनमें लड़कियां भी टोल के टिकट काटने के लिए रखी जाएंगी। लड़कियों की ड्यूटी सुबह 8 से शाम चार बजे तक होगी। दोपहर में भोजन की व्यवस्था भी होगी।