मंडी, 15 अप्रैल : बल्ह से भाजपा विधायक इंद्र सिंह गांधी द्वारा भाजपा के ऑप्रेशन लोटस की बात के बाद अब नाचन से भाजपा के विधायक विनोद कुमार ने भी इसी तरह के संकेत दिए हैं। शुक्रवार को नाचन विधानसभा क्षेत्र के कटलोग गांव में अम्बेदकर जंयती पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक विनोद कुमार ने कहा कि प्रदेश में कभी भी तख्तापलट हो सकता है। आने वाले लोकसभा चुनाव यह बता देंगे कि प्रदेश की जनता का क्या मूड़ है।
चुनावों में भाजपा चारों सीटें जीतेगी और कांग्रेस चारों खाने चित्त हो जाएगी। प्रदेश के लोग कांग्रेस की सरकार से दुखी हो चुके हैं। महिलाएं 1500 का इंतजार कर रही हैं तो बेरोजगार नौकरियों का। कर्मचारी पेंशन के इंतजार में हैं तो गरीब तबके के लोग 300 यूनिट फ्री बिजली की राह ताक रहे हैं। यह सभी कांग्रेस के झूठे प्रलोभन थे, जोकि आज दिन तक पूरे नहीं हुए हैं।
विनोद कुमार ने कहा कि कांग्रेस के कुछ छुटभैये कार्यकर्ताओं ने तबादलों के नाम पर कर्मचारियों से वसूली का गोरखधंधा छेड़ रखा है। कर्मचारियों को तबादलों के नाम पर डराया और धमकाया जा रहा है। एक कर्मचारी से तबादले की एवज में 30 से 70 हजार रूपए वसूले जा रहे हैं। उन्होंने कर्मचारियों से ऐसे लोगों के दबाव में न आने का आह्वान किया। विनोद ने कहा कि आने वाले समय में ऐसे कार्यकर्ताओं को बेनकाब किया जाएगा।