चंबा (एमबीएम न्यूज): तीसा क्षेत्र में दर्दनाक हादसा सामने आया है। बारिश की वजह से सडक़ निर्माण का मलबा घर पर आ गिरा। हादसे में पांच वर्षीय कर्म सिंह की मौत हो गई, जबकि 50 वर्षीय करनैल सिंह को घायल अवस्था में टांडा मेडीकल कॉलेज रैफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक खच्चरों पर सामान ढोने से जीवन यापन कर रहा करनैल सिंह चद्दरों से बने घर में रह रहा था। अचानक ही सुबह टीन की चद्दरों पर पत्थर गिरने शुरू हो गए। इसमें बाप-बेटा जख्मी हुए। इस दौरान करनैल सिंह अपनी पत्नी के साथ बाहर निकल आया। बाद में उसे अपने बेटे के अंदर सोए होने की बात याद आई। बेटे को बचाने की कोशिश में खुद भी जख्मी हो गया।
पत्नी के चीखने पर लोग एकत्रित हो गए। घायल हालत में दोनों को तीसा पहुंचाया गया, जहां बच्चे की मौत हो गई। नायब तहसीलदार प्रकाश सिंह नरयाल ने बताया कि पीडि़त परिवार को फौरी राहत जारी कर दी गई है। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक पूरा परिवार अपना गुजर-बसर एक झौंपड़ी में कर रहा था। इसमें पति-पत्नी के अलावा दो बच्चे थे।