सुंदरनगर, 28 फरवरी : सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश में मात्र 2 माह में हुए कार्यों को नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और भाजपा के अन्य नेता सुक्खू की लोकप्रियता पचा नहीं पा रहे है। अपनी बौखलाहट को लेकर भाजपा नेता अनाप-शनाप बयानबाजी कर रहे हैं। यह बात मंगलवार को राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के प्रदेश सह संयोजक हीरा पाल सिंह ठाकुर ने सुंदरनगर में आयोजित एक प्रेस वार्ता में कही।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कांग्रेस के रायपुर में आयोजित महासम्मेलन में सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू का बयान भाजपा नेताओं द्वारा तोड़ मरोड़ कर लोगों के सामने पेश किया जा रहा है। इससे भारतीय जनता पार्टी की ओछी राजनीति जगजाहिर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ भाजपा द्वारा लगाए जा रहे झूठे आरोप कांग्रेस पार्टी किसी भी सूरत में सहन नहीं करेगी।
हीरापाल सिंह ने कहा कि मंडी जिला में जहां कांग्रेस की वर्तमान में स्थिति पतली बनी हुई है। इसको मजबूत करने के लिए जिन लोगों ने पार्टी को खोखला करने का काम किया है। उनकी सूची बनाकर प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह को प्रेषित कर दी गई है। प्रदेश नेतृत्व पार्टी को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी लोकसभा चुनाव- 2024 में अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए सभी को एकजुट करके आगे बढ़ेगी।