नाहन, 06 जनवरी : जिला मुख्यालय के ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय एकल विद्यालय प्रतियोगिता में सिरमौर के दो नन्हें बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया है।
पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के डिंगरी गांव के रहने वाले दो नन्हें बालक आदित्य चौहान व नैतिक ठाकुर अब राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह प्रतियोगिता फरवरी 2023 में उत्तर प्रदेश के लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में खेली जाएगी।
पांचवीं कक्षा में पढ़ने वाले आदित्य चौहान ने 50 मीटर की दौड़ में प्रथम स्थान हासिल कर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई। आदित्य 50 मीटर की दौड़ में अब हिमाचल को रिप्रेसेंट करेगा। वहीं, सातवीं कक्षा में पढ़ने वाले नैतिक ठाकुर ने अपने कुश्ती के दांव पेंच से सभी को परास्त कर 28 किलोग्राम में शानदार प्रदर्शन किया। नैतिक को राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलेगा।
आदित्य व नैतिक के माता-पिता ने बच्चों की शानदार उपलब्धि पर खुशी जाहिर की है। साथ ही उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि बच्चे राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतरीन प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि यह ना केवल उनके लिए बल्कि समूचे सिरमौर जिला के लिए खुशी के पल है।
बता दें कि राज्यस्तरीय एकल विद्यालय प्रतियोगिता का आयोजन सिरमौर जिला के मुख्यालय नाहन में हुआ था। चौगान मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के अलग-अलग जिला के प्रतिभागियों ने भाग लिया था।