शिमला, 25 दिसंबर : व्हाइट क्रिसमस उम्मीद से हिमाचल के पर्यटन स्थलों में पर्यटकों का जमावड़ा लगा हुआ है। लेकिन क्रिसमस की सुबह की शुरुआत कड़कती धूप के साथ हुई है।
प्रदेश के अधिकतर इलाकों में मौसम साफ रहा। शिमला, मनाली, कसौली, धर्मशाला, डलहौजी आदि पर्यटन स्थलों में धूप खिली। हालांकि बताया जा रहा है कि बीते देर रात प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। लाहौल के ऊपरी क्षेत्रों में हल्का हिमपात हुआ है। लेकिन अधिकतर पर्यटक स्थलों में रविवार के दिन धूप खिली। वही पर्यटकों की भीड़ से कारोबारियों के चेहरे खिल उठे है। अधिकतर पर्यटन स्थलों के कमरे व होटल पूरी तरह से बुक है। मौसम विज्ञान के पूर्वानुमान के अनुसार ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार बने हुए हैं।
चंडीगढ़ पंजाब हरियाणा दिल्ली जैसे नजदीक राज्यों से सैलानियों के पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। उधर, ;सैलानियों की तादाद बढ़ने से प्रशासन व पुलिस की सिरदर्द भी बढ़ गई है। ट्रैफिक जाम लगना शुरू हो गए हैं। वही कोरोना के खतरे के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग ने पर्यटकों को कोविड-19 नियमों की पालना करने की हिदायत दी गई है। होटल कारोबारियों को क्रिसमस सेलिब्रेशन के साथ सैलानियों को नियमों का पालन करवाने के लिए भी जागरूक किया गया।