शिमला, 08 दिसंबर : हिमाचल प्रदेश के मंडी जनपद के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रशेखर उस समय चर्चा में आ गए थे, जब स्ट्रांग रूम के सुरक्षा को लेकर तंबू गाड़ दिया था। इसके बाद चुनाव आयोग को भी यह कहना पड़ा था कि प्रत्याशी अपने स्तर पर स्ट्रांग रूम की पहरेदारी कर सकते हैं।
बड़ी खबर यह आ रही है कि कांग्रेस प्रत्याशी चंद्रशेखर ने ईवीएम की मतगणना पूरी होने के बाद 2816 मतों की बढ़त बनाई हुई है। कांग्रेस प्रत्याशी को 28980 वोट पड़े हैं,जबकि भाजपा की रजत ठाकुर को 26164 वोट हासिल हुए हैं। हिमाचल की राजनीति में यह नतीजा अगर कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में जाता है, तो बड़ा उलटफेर होगा क्योंकि इस सीट से रजत ठाकुर की हार का मतलब दिग्गज नेता महेंद्र सिंह ठाकुर की हार है। वरिष्ठ नेता महेंद्र सिंह ठाकुर ने जीवन में कभी भी हार का सामना नहीं करना पड़ा। पोस्टल बैलट की मतगणना पूरी होने के बाद अंतिम नतीजा जारी होगा। लेकिन स्थिति साफ नजर आ रही है।
गौरतलब है कि कांग्रेस प्रत्याशी के तंबू से पहले यह विधानसभा क्षेत्र इस कारण भी चर्चा में आया था क्योंकि पिता महेंद्र सिंह ठाकुर द्वारा पुत्र को टिकट दिलवाए जाने पर बेटी नाराज हो गई थी। भैया दूज के अवसर पर रजत ठाकुर ने बहना को मना लिया था, लेकिन कहीं न कहीं संदेश तो नकारात्मक ही गया होगा यही कारण है कि महेंद्र सिंह ठाकुर को पुत्र के बहाने हार का सामना करना पड़ सकता है। कुल मिलाकर कांग्रेस प्रत्याशी की जीत होने की सूरत में निर्वाचन क्षेत्र में महेंद्र सिंह ठाकुर का तिलिस्म 32 साल बाद टूटेगा।