सोलन (एमबीएम न्यूज): दाड़लाघाट के समीप निजी बस हादसे में मृतकों की संख्या 8 पहुंच गई है। तीन अन्य घायलों ने आईजीएमसी शिमला में दम तोड़ दिया है। इससे पहले 5 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी।
मरने वालों में 5 पुरूष व 3 महिलाएं शामिल हैं। हादसे में घायल 20 लोगों को आईजीएमसी शिमला रैफर किया गया था। इसमें से गंभीर रूप से तीन लोगों ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जबकि 17 घायलों का उपचार चल रहा है। अब तक मरने वाले कुल 8 लोगों में से 4 की शिनाख्त हो पाई है। इसमें 35 वर्षीय विकास कुमार पुत्र कमलेश कुमार निवासी पंचघई बिलासपुर, तृप्ता पुत्री तिलकराज निवासी पतरीघाट मंडी, बनारसी मेहलो पुत्र बंधन मेहलो निवासी झारखंड व चौहान सिंह निवासी कुल्लू शामिल हैं। जबकि 4 अन्य मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। दुर्घटनाग्रस्त बस में कुल 35 लोग सवार थे।
पुलिस छानबीन में यह बात सामने आई है कि दुर्घटना का कारण चालक द्वारा मोड़ न काटना रहा। मोड़ काटते समय चालक बस से नियंत्रण खो बैठा। हालांकि हादसे में बस चालक मोहिंद्र निवासी मंडी व सुंदरनगर निवासी संजय ठीक है। बता दें कि शनिवार को दुर्घटनाग्रस्त बस रोहडू-शिमला-मंडी (एचपी31सी-2016)जा रही थी। तभी अचानक दाड़लाघाट के समीप बस खाई में दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
डीएसपी नरवीर राठौर ने पुष्टि करते हुए बताया कि 3 अन्य घायलों ने आईजीएमसी में दम तोड़ दिया है। घटना में मरने वालों की संख्या 8 पहुंच गई है। उन्होंने बताया कि इस संदर्भ में मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।