रोनहाट, 23 अक्टूबर : शिलाई विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी और कांग्रेस के प्रत्याशियों ने अपना चुनावी प्रचार तेज कर दिया है। कांग्रेस और भाजपा के नेताओं द्वारा विभिन्न ग्राम पंचायतों और गांव का दौरा करके रोजाना लोगों को सदस्यता ग्रहण करवाकर पार्टी में शामिल करवाया जा रहा है। वहीं, विधानसभा चुनाव जीतने के लिए उनसे समर्थन मांगा जा रहा है।
बीते 2 दिनों में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी बलदेव सिंह तोमर के जनसम्पर्क अभियान के तहत ग्राम पंचायत डाहर, जरवा, पनोग, अजरोली में 29 परिवार, ग्राम पंचायत कांडों-भटनोल में 6 परिवार और ग्राम पंचायत नावणा-भटवाड़ के 6 परिवार सहित कुल 41 परिवारों ने कांग्रेस पार्टी को छोड़कर भाजपा का दामन थामा है।
वहीं बीते कुछ दिनों में ही कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी हर्षवर्धन चौहान के जनसम्पर्क अभियान के दौरान ग्राम पंचायत कोटा-पाब में 36 परिवार, ग्राम पंचायत बेला के 12 परिवार और ग्राम पंचायत अजरोली के 6 परिवार सहित कुल 54 परिवारों ने भाजपा छोड़कर कांग्रेस पार्टी का दामन थामा है। दोनों राजनीतिक पार्टियों के प्रत्याशियों ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के माध्यम से एक दूसरे पर सियासी तंज कसते हुए उपरोक्त जानकारी को साझा किया है।
बता दे की अभी तक शिलाई विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सिंह बलदेव तोमर और कांग्रेस प्रत्याशी हर्ष वर्धन चौहान सहित कुल 2 प्रत्याशियों ने ही अपना नामांकन दर्ज करवाया है। हालांकि नामांकन के आखिरी दिन तक शिलाई विधानसभा क्षेत्र से चुनावी मैदान में उतरने वाले प्रत्याशियों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है। मगर वर्तमान परिदृश्य में शिलाई निर्वाचन क्षेत्र में भाजपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच ही रोचक चुनावी जंग देखने को मिल रही है।
पूर्व भाजपा विधायक बलदेव सिंह तोमर जहां लोगों से शिलाई में वर्तमान भाजपा सरकार द्वारा करवाए गए अथाह विकास कार्यों के लिए बीजेपी के पक्ष में समर्थन मांग रहे है, तो वहीं वर्तमान कांग्रेस विधायक हर्ष वर्धन चौहान भाजपा सरकार पर सिर्फ कागजों में विकास करके शिलाई की जनता को ठगने के आरोप लगा कर कांग्रेस पार्टी का समर्थन करने की मांग कर रहे है।
लिहाजा, अब मतदान में 20 दिनों से भी समय शेष है। इसलिए दोनों ही राजनीतिक दलों के नेता पूरे जोश और ऊर्जा के साथ अपने चुनावी क्षेत्र का तूफानी दौरा करके मतदाताओं को रिझा कर अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए दिन-रात प्रयास कर रहे है।