नाहन (एमबीएम न्यूज): सिरमौर के संगड़ाह उपमंडल के हरिपुरधार में केंद्रीय सडक़ व भूतल मंत्री नितिन गडकरी का 5 जून को प्रस्तावित कार्यक्रम रद्द होने की खबरें आ रही हैं। हालांकि भारतीय जनता पार्टी ने अधिकारिक तौर पर कोई विज्ञप्ति जारी नहीं की है, लेकिन बताया जा रहा है कि सोलन का कार्यक्रम तय हो जाने के कारण हरिपुरधार में मंत्री का कार्यक्रम रद्द किया गया है। सोलन में फोरलेन के शिलान्यास की वजह से कार्यक्रम में बदलाव हुआ है।
केंद्रीय मंत्री के संभावित दौरे को लेकर सिरमौर भाजपा सक्रिय हो गई थी। यहां तक की तमाम विधायकों व शीर्ष नेताओं ने हरिपुरधार के मां भंगयाणी परिसर में बैठक का आयोजन किया था। सनद रहे कि केंद्रीय मंत्री ने जिन 17 नैशनल हाईवे की घोषणा प्रदेश के लिए की थी, उसमें सबसे अधिक हिस्सेदारी सिरमौर को मिली है। कांग्रेस ने भी नाहन-पांवटा मार्ग पर मिश्रवाला में पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी की संभावित रैली को लेकर तैयारियां शुरू कर दी थी, लेकिन बाद में कार्यक्रम अंतिम रूप न मिलने के कारण कांग्रेस को भी निराशा हुई।
अब भाजपा को भी निराशा हाथ लगी है। एक अरसा पहले हरिपुरधार का समूचा क्षेत्र कांग्रेस का गढ़ था, लेकिन यहां भाजपा सेंधमारी करने में कामयाब हो गई है। उधर भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष बलदेव भंडारी ने माना कि केंद्रीय मंत्री का हरिपुरधार कार्यक्रम तय नहीं है।