नाहन, 02 अक्टूबर : जिला सिरमौर की नन्ही बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता में विजय प्राप्त कर ट्रॉफी को अपने नाम किया है। सिरमौर हॉकी की अंडर-14 टीम ने फाइनल मुकाबले में ऊना के खिलाफ बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए एकतरफा मुकाबले में 5-0 से जीत हांसिल की।
प्रशिक्षक व मानपुर देवड़ा स्कूल के डीपीई मनीष टंडन ने बताया कि 28 सितंबर से एक अक्टूबर तक सरकाघाट में छात्राओं की अंडर-14 आयु वर्ग की राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सिरमौर की टीम में मानपुर देवड़ा स्कूल की सात छात्राओं ने सिरमौर को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। बेटियों के शानदार प्रदर्शन ने सिरमौर को हॉकी का सरताज बनाया। इनमें चंद्रकांता पुत्री अमर सिंह, आंचल पुत्री ब्रह्म दत्त, शिवानी पुत्री सीता राम, अंजली चौहान पुत्री राम कुमार, नेहा पुत्री बीर सिंह, शगुन पुत्री रिंकू राम व कल्पना पुत्री पप्पू शामिल है।
टीम कोच ने बताया कि इन छात्राओं ने सोलन को संघर्षपूर्ण मुकाबले में 2-1 से हराया इसके सेमीफइनल मुकाबले में कांगड़ा को 3-0 से व फाइनल मुकाबले में ऊना को 5-0 से करारी शिख्स्त दी। मानपुर देवड़ा विद्यालय की चंद्र कान्ता प्रतियोगिता की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रही।
ज्ञात रहे कि मानपुर देवड़ा विद्यालय में इस वर्ष से ही हॉकी खेल की शुरुआत की गई और प्रथम प्रयास में ही इन छात्राओं ने राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता को जीता और पूरे प्रदेश में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। विद्यालय के डीपीई मनीष टंडन ने सभी छात्राओं को बधाई दी है।