मंडी, 02 अक्टूबर : महात्मा गांधी ने नारा दिया था ’’अंग्रेजों भारत छोड़ो’’ और आज उनकी जयंती पर हिमाचल प्रदेश के कर्मचारियों ने नारा दिया है ’’एनपीएस हिमाचल छोड़ो’’। यह नारा रविवार को एनपीएस कर्मचारी महासंघ ने मंडी में गांधी जयंती और अपने संगठन के स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिया।
कर्मचारियों ने शहर भर में एनपीएस हिमाचल छोड़ो के नारों के साथ एक रोष रैली भी निकाली। इसके बाद कर्मचारियों ने गांधी चौक पर स्थापित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और सेरी मंच पर चरखा काता। एनपीएस कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष प्रदीप ठाकुर ने कहा कि जब तक पुरानी पेंशन की बहाली नहीं होती तब तक कर्मचारियों का आंदोलन गांधीवादी तरीके से जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि कर्मचारियों ने वोट फॉर ओपीएस का नारा पहले ही दे रखा है।
प्रदेश भर से आए कर्मचारियों ने इस मौके पर शपथ ली कि जब तक ओपीएस की बहाली नहीं हो जाती तब तक कर्मचारी अपने आंदोलन को जारी रखेंगे। कर्मचारियों ने स्पष्ट कहा कि वे उसी राजनैतिक दल का साथ देंगे जो पुरानी पेंशन बहाली की बात करेगा।
वहीं कर्मचारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि जिस तरह महात्मा गांधी ने अंग्रेजों भारत छोड़ो का नारा देकर गांधीवादी तरीके से देश को आजादी दिलाई थी, ठीक उसी तरह से प्रदेश के कर्मचारी एनपीएस हिमाचल छोड़ो का नारा देकर प्रदेश को एनपीएस से मुक्ति दिलाएंगे।