संगड़ाह, 26 सितंबर : भारी बारिश से नाले में आई बाढ़ के कारण उपमंडल की सेर-तंदूला पंचायत के मैथली गांव के 65 वर्षीय यशवंत पानी के तेज बहाव के साथ बाह गया। इस दौरान व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई है। ग्रामीणों ने बताया कि रविवार सांय यशवंत अपने दोस्त सुखदेव के साथ कुफ्टू गांव से अपने घर जा रहे थे।
सेर तंदुला स्कूल के साथ लगते बरसाती नाले को पार करते हुए वह अचानक बाढ़ व भूस्खलन के मलबे की चपेट में आ गया। वहीं, सुखदेव की जान बच गई। कुछ समय बाद ग्रामीणों ने जोखिम उठाकर यशवंत को मलबे से निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। नायब तहसीलदार नौहराधार काकुराम ने बताया कि रास्ते बंद होने व मौसम खराब होने से पोस्टमार्टम नहीं करवाया गया। मृतक के परिजनों को 20 हजार फौरी राहत दी गई है।
उधर, मुख्य बाजार संगड़ाह के समीप गत रात्री दीपक कुमार नामक शख्स का चद्दरों वाला 2 कमरों का रिहाईशी मकान भूस्खलन से जमींदोज हो गया। हादसे के दौरान घर में सो रहे दीपक सिंह को उनके पड़ौसी टिंकू व कुछ अन्य लोगों ने मलबे से निकालकर अस्पताल पंहुचाया, तथा उनके सिर पर चोटें आई है।
गनीमत यह रही कि हादसे की रात उनकी पत्नी शांता देवी व दोनों बच्चे अपने एक रिश्तेदार के घर गए थे। सोमवार को अस्पताल से छुट्टी होने के बाद वह राहत राशि के लिए मिनी सचिवालय संगड़ाह गए, लेकिन यहां पर SDM व नायब तहसीलदार छुट्टी पर है, जबकि तहसीलदार हड़ताल पर बताए गए है।
वहीं, जानकारी के मुताबिक तहसीलदार के निर्देश के अनुसार पटवारी द्वारा पीड़ित परिवार को घर में जाकर 5000 रुपए की राहत राशि प्रदान की गई।