जोगिन्दरनगर/लक्की शर्मा : भारी बरसात के चलते जोगिन्दर नगर उपमंडल में राजस्व विभाग ने लगभग 21 लाख रूपये के नुकसान का आकलन किया है। इस दौरान 11 पशुओं की भी मौत की जानकारी प्राप्त हुई है। इस बारे में जानकारी देते हुए एसडीएम जोगिन्दर नगर डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि राजस्व कर्मियों ने अब तक 21 लाख रुपये के नुकसान का आकलन किया गया है। जिसमें 27 गौशालाएं, 18 घर, दुकाने व रसोईघर शामिल हैं।
इसके अलावा 11 पशुओं की भी मौत हुई है। जिनमें 3 भैंस, 3 बैल, 3 गाय तथा 2 बछडे शामिल हैं। उन्होने बताया कि ग्रामीण स्तर पर भारी बरसात के कारण हुए नुकसान का आकलन के लिए राजस्व कर्मियों को आदेश दिये गए हैं। साथ ही लोगों की सुविधा के लिए कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। प्राकृतिक आपदा के दौरान किसी भी आपात स्थिति में लोग कंट्रोल रूम को तुरंत जानकारी उपलब्ध करवा सकते हैं।
उन्होंने पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों से भी बरसात के दौरान होने वाली किसी भी प्राकृतिक आपदा से संबंधित जानकारी स्थानीय प्रशासन को समय रहते उपलब्ध करवाने को कहा है, ताकि जरूरत पड़ने पर जल्द से जल्द राहत व बचाव कार्य शुरू किए जा सकें। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को अपनी मानव शक्ति व मशीनरी के साथ 24 घंटे सातों दिनअलर्ट रहने के भी निर्देश दिये हैं।