सोलन, 21 अगस्त : हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के चलते काफी तबाही मची है। जगह-जगह भूस्खलन के मामले सामने आ रहे है। नालागढ़ उपमंडल के तहत रामशहर की ग्राम पंचायत जिराती के गांव धार में भारी बरसात के कारण भूस्खलन हुआ है।
ग्रामीणों के अनुसार लैंडस्लाइड होने की वजह से उनके दो मोटरसाइकिल मलबे में दब गए। वहीं साथ लगती उपजाऊ भूमि को भी भारी नुकसान पहुंचा है। ग्रामीण महिलाओं ने बताया कि खेतों में लगाई सारी फसल लैंडस्लाइड के चलते बर्बाद हो गई। उनके खेतों में नींबू व अदरक की फसल लगी थी जोकि सारी बर्बाद हो गई है। उन्होंने कहा कि मौके पर प्रशासन व पटवारी ने भी नुकसान का जायजा लिया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि उनके नुकसान का जल्द से जल्द मुआवजा दिया जाए क्योंकि उनकी रोजी रोटी फसलों पर ही निर्भर है और लैंडस्लाइड से न केवल फसल बल्कि उनकी उपजाऊ भूमि ही खराब हो गई।