नाहन, 17 अगस्त: मात्र चंद मिनट की चेतावनी पर गिरी जटोन डैम श्री रेणुका जी से तीन फ्लड गेट खोल दिए गए हैं। जलाशय में जलस्तर बढ़ने के कारण मात्र 5 मिनट के अंतराल के बाद गेट खोल दिए गए। डैम के जूनियर हेल्पर दिनेश कुमार ने सूचना दी कि 5ः45 पर गेट खोल दिए जाएंगे। इस कारण मैदानी इलाकों में जलस्तर बढ़ सकता है।
बता दें कि डैम का पानी करीब एक से दो घंटे के अंतराल में यमुना नदी में पहुंच जाता है। लिहाजा यमुना नदी का जलस्तर भी बढ़ सकता है। इसका असर हरियाणा के हथिनी कुंड डैम पर भी पड़ सकता है।
गौरतलब है कि मंगलवार शाम जमटा से ददाहू व उपरी इलाकों में जमकर मूसलाधार बारिश हुई थी। इसी कारण डैम का जलस्तर भी बढ़ गया है। उधर, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने मैदानी इलाके के आसपास के लोगों को सचेत रहने की अपील की है।
आपदा की स्थिति में टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।