नाहन,14 जून : सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। मामा के घर मां के साथ आई 5 वर्षीय बच्ची की सांप के काटने की वजह से मौत हो गई। सोमवार मध्य रात्रि करीब 1.30 बजे सोनम पुत्री कुलदीप ग्राम गहनोग डाकघर भूज्जल तहसील राजगढ़ मामा ओमप्रकाश के घर धरोटी आई हुई थी। रात को मां के साथ सोई हुई थी।
इसी दौरान कमरे में सांप घूस आया,जिसने सोनम को काट लिया, साथ सो रही मां को नहीं काटा। इसके बाद सांप कमरे से बाहर चला गया। सांप के काटने से मासूम जोर से चिल्लाई, पल भर में मां की नींद टूट गई। मां ने सांप को खिड़की से निकलते हुए भी देखा।
फ़ौरन ही महिला ने इसकी जानकारी भाई को दी। तुरंत ही मासूम को राजगढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल पहुंचते ही 5 वर्षीय सोनम बेहोश हो गई। सोनम की जांच करने के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगलवार सुबह पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बबीता राणा ने बच्ची की मौत की पुष्टि की है।