शिमला, 15 मई : हिमाचल प्रदेश नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति अपनाने के बाद हिमाचल प्रदेश तीसरी कक्षा से संस्कृत, छठी कक्षा से वैदिक गणित व नौवीं क्लास से श्रीमदभगवद् गीता पढ़ाने वाला देश का पहला राज्य बन जाएगा।
शैक्षणिक सत्र 2022-23 से हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड देश का पहला ऐसा बोर्ड बनेगा, जो तीसरी कक्षा से संस्कृत विषय को शुरू करेगा। इसी तरह छठी क्लास से वैदिक गणित पढाया जाएगा जबकि नवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को भगवद्गीता पढ़ाई जाएगी।
हिमाचल प्रदेश उच्चतर शिक्षा निदेशक डॉ अमरजीत शर्मा का कहना है कि शैक्षणिक सत्र-2022-23 से तीसरी कक्षा से संस्कृत और छठी कक्षा से वैदिक गणित की पढ़ाई शुरू करेगा। तीसरी और चौथी कक्षा में संस्कृत विषय पर वार्षिक परीक्षाओं के दौरान मौखिक प्रश्न पूछे जाएंगे, जबकि पांचवीं कक्षा में इस विषय की लिखित परीक्षा होगी।
इस दौरान छठी कक्षा में गणित विषय में दो से तीन अध्याय वैदिक गणित के भी जोड़े जाएंगे, ताकि छात्रों पर बोझ न पड़े।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में शुरू हुई टर्म प्रणाली के तहत हर टर्म में वैदिक गणित से तीन-तीन अंक का प्रश्न पूछा जाएगा। इसके अलावा भगवद् गीता को 9वीं से 12वी कक्षा तक पढ़ाने का भी निर्णय लिया गया है।