मंडी 02 मई : लगभग पूरे उत्तर भारत को पानी देने वाले पहाड़ी राज्य हिमाचल प्रदेश के कई जिलों की जनता गर्मियों के मौसम में पीने के पानी की समस्या से जूझने को मजबूर है। लेकिन इसके विपरीत प्रदेश के जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह हिमाचल को जल जीवन मिशन में नंबर वन बता कर लोगों को गुमराह कर रहे हैं। यह आरोप हिमाचल प्रदेश आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता पंकज पंडित ने लगाए हैं।
सोमवार को मंडी में आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पंकज पंडित ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की मौजूदा भाजपा सरकार अपने कार्यकाल के दौरान जनता को विभिन्न क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं देने में पूरी तरह से विफल साबित हुई है। उन्होंने प्रदेश सरकार से पीने के पानी पर खर्च किए गए हजारों करोड़ रूपए की जांच करने की भी मांग उठाई है।
पंकज ने कहा कि प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री महेंद्र सिंह अपने दायित्व को पूरा करने में विफल साबित हूए हैं। इसलिए उन्हें नैतिकता के आधार पर अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। पंकज ने कहा कि जो पहाड़ी प्रदेश पूरे उत्तर भारत को पानी देता है, वहीं आज प्रदेश की भाजपा सरकार की वजह से यहां पानी की किल्लत है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश जलशक्ति मंत्रालय को केंद्र से जलजीवन मिशन और हर घर जल के तहत करोंड़ों रूपए मिले लेकिन आज भी शिमला और धर्मशाला शहर व कई ग्रामीण क्षेत्रों के लोग पीने के पानी को तरस रहे हैं। लोग कहीं पर प्रदर्शन कर रहे हैं तो कही लोग दूर दराज से पानी ला कर अपना गुजारा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश जल शक्ति मंत्री के हर घर नल और जल पहुंचाने के वादे फेल साबित हुए हैं।